शाजापुर, 18 दिसम्बर 2024/ कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज ग्राम पंचायत गुलाना एवं गोदना में जनकल्याण अभियान एवं जनकल्याण पर्व के लिए लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्देश कि जनकल्याण शिविर में सभी पात्र हितग्राहियों का चयन करें तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाए।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान 11 दिसम्बर से 26 जनवरी 2025 एवं जनकल्याण पर्व 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर 2024 के व्यापक क्रियान्वयन के लिए जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने सभी हितग्राहियों से इन शिविरों का लाभ लेने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि स्वामित्व योजना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पट्टे की जमीन का मालिकाना हक मिलेगा, जिसका उपयोग ग्रामीणजन ऋण और अन्य वित्तीय लाभ प्राप्त करने में कर सकेंगे।
कलेक्टर ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारी को निर्देश दिये कि राजस्व महाअभियान 3.0 के तहत शतप्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से करवाएं। ग्रामों में मुनादी कराकर किसानों को बताएं कि फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही अब पीएम किसान कल्याण की राशि किसानों को प्राप्त होगी। साथ ही किसानों के भू-अभिलेख को आधार एवं समग्र से लिंक कराएं और बटवारा कर नक्शा तरमीम भी करें। कलेक्टर ने जनकल्याण शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने के निर्देश भी दिए। ग्राम पंचायत गोदना में पटवारी श्री सचिन मालवीय द्वारा फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य कार्य अच्छा करने पर प्रशंसा की तथा प्रसस्ती पत्र देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड, ईकेवायसी, फौती नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, नक्शा दुरूस्तीकरण आदि की प्रगति की जानकारी लेकर शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने सरपंचों एवं ग्रामीणजनों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री रमेश परमार, मो.बड़ोदिया जनपद पंचायत सीईओ श्री अमृत सिसोदिया, नायब तहसीलदार, सरपंच सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।