सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से भारत का सबसे लंबा नेशनल हाईवे गुजरता है,इस नेशनल हाईवे पर सुबह-सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में 3 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 6 गंभीर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लखनादौन के धूमा थाना अंतर्गत बरबटी गांव के समीप नेशनल हाईवे 44 पर आंध्रप्रदेश-कुरनूल से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रही एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई।इस घटना में 4 वर्षीय मासूम, 45 वर्षीय पुरुष और 35 वर्षीय महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि सुनील कुमार 35 वर्षीय की मौत इलाज के दौरान होना बताया जा रहा है, तो वहीं अब अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धूमा पुलिस ने तत्काल घायलों को सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया।
जहां दो महिलाओं की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया है। बता दें कि इस नेशनल हाईवे 44 पर रफ्तार के कहर की यह पहली घटना नहीं है। लगातार इस नेशनल हाईवे पर घटनाएं होती रहती हैं, इन घटनाओं में कई राहगीरों की मौत हो चुकी है बावजूद इसके बचाव के उपाय नहीं किए जा रहे हैं।