सावन माह की तैयारियां उज्जैन कलेक्टर ने ली बैठक, कहा मनमाने पैसा वसूलने वाले होटलों को किया जाएगा सील, पंजीयन भी किया जाएगा निरस्त
_______________________________________
भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी में 2000 से अधिक का पुलिस बल रहेगा तैनात
_______________________________________
चलित रथ के माध्यम से सवारी का होगा निर्बाध प्रसारण
_______________________________________
सवारी में जनजातीय कलाकारों द्वारा दी जाएगी प्रस्तुति
_______________________________________
उज्जैन नगर निगम अंतर्गत सभी शासकीय/अशासकीय स्कूलों में सोमवार को रहेगा अवकाश
_______________________________________
उज्जैन / भगवान श्री महाकाल की सवारियों के संबंध में उज्जैन कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा द्वारा आज प्रशासनिक संकुल भवन में मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। प्रशासक श्री महाकालेश्वर मंदिर श्री मृणाल मीना द्वारा पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समुचित व्यवस्थाओं के संबंध विस्तृत जानकारी दी गई।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि निर्धारित रेट लिस्ट से अधिक पैसा लेने वाले होटलों को सील किया जाएगा। साथ ही उनके पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप बाबा महाकाल की सवारी में जनजातीय कलाकारों का दल भी सहभागिता करेगा। उन्होंने बताया कि 2 चलित रथ के माध्यम से बाबा महाकाल की सवारी का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस चलित रथ की विशेषता यह है कि इसमें लाइव बॉक्स रहेगा, जिससे लाइव प्रसारण निर्बाध रूप से होगा। उन्होंने बताया कि श्रावण मास की सवारियों के दृष्टिगत उज्जैन नगर निगम अंतर्गत शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अध्यनरत कक्षा 1 से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों का सोमवार को अवकाश रहेगा।
पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि बाबा महाकाल की सवारियों के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए 2000 से अधिक का पुलिस बल और वॉलिंटियर्स तैनात रहेंगे। सवारी मार्ग पर पड़ने वाली विभिन्न गलियों का वेरिफिकेशन किया जा चुका है। रविवार सुबह से भौतिक सत्यापन की कार्रवाई भी की जाएगी। पांच ड्रोन के माध्यम से संपूर्ण सवारी मार्ग की निगरानी होगी। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और यातायात प्रबंधन के लिए डबल लेयर बैरिकेडिंग की गई है। इसी के साथ कम समय में यातायात सुचारु करने के लिए बफर जोन भी बनाया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध लोगों की जांच कर बाउंडओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्किंग व्यवस्था में प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे जो यह सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क से अधिक न लिया जाए। अल्कोहल टेस्ट डिवाइस के माध्यम से वाहन चालकों की चेकिंग की जाएगी नियमों के उल्लंघन पर ई रिक्शा वाहनों पर भी कार्रवाई होगी।
प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिस पर प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
Shri Mahakaleshwar Ujjain