बिना सक्षम अनुमति के चेक डेम क्लियर करने पर एक एपीओ एवं एक उपयंत्री की सेवा समाप्त,, ग्रामीण विकास एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यों की कलेक्टर ने समीक्षा की
शाजापुर, 05 अप्रैल 2024/ ग्रामीण विकास के अंतर्गत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम (मनरेगा) के तहत किये जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने एक एपीओ एवं एक उपयंत्री की सेवा समाप्त करने सहित सहायक यंत्रियों और उपयंत्रियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर सुश्री बाफना ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपयंत्रियों एवं सहायक यंत्रियों द्वारा बिना सक्षम अनुमति के बड़ी संख्या में चेक डेम क्लियर किये गये। कलेक्टर ने एपीओ श्री संजीत कजूर एवं उपयंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह पंवार की सेवा समाप्त करने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत को दिये। साथ ही सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियो के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए भी कहा।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि मनरेगा के कार्यों के लिए मजदूर उपलब्ध होने का उपयुक्त समय है। जलसंरक्षण के कार्य वर्षा के पूर्व समाप्त कराएं। ग्रामीणजनों को समझाएं कि पानी रोकने से उन्हें ही फायदा होगा। अत: वे पानी रोकने के कार्यों में सहयोग करें। 20 मई से 30 मई तक नालों में पत्थर के बोल्डर चेकडेम जनसहयोग से बनवाएं। इस कार्य में ग्रामीणजनों का भी सहयोग लें। बोल्डर चेकडेम बनाने का उद्देश्य पानी एवं मिट्टी का कटाव रोकना है, इससे ग्रामीणजनों को पानी रोकने की प्रेरणा भी मिलेगी। जितने भी कन्टुर ट्रेंचेस का निर्माण किया जायेगा, वहां बीजारोपण करें। सीईओ जनपद पंचायत ग्रामीण विकास के कार्यों को बारीकी से देखें। वर्ष 2020-21 के कार्यों को इस वर्ष किसी भी स्थिति में पूर्ण कराएं, पूर्ण नहीं होने की स्थिति में हुए व्यय की वसूली की जायेगी। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत श्री टैगोर ने गौशालाओं एवं केन्द्रीय भूजल आयोग के कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
पेयजल की समस्या का तत्काल निराकरण करें
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल की समस्या का निराकरण तत्काल होना चाहिये। जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एक-एक गांव के आंकड़े रखें और जहां भी समस्या हो, उसका निराकरण कराएं। जलजीवन मिशन के तहत निर्मित ग्रामीण क्षेत्रों की नलजल योजनाओं की गहनता से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जहां भी राईजर पाईप बढ़ाने तथा सिंगल फेज मोटर की आवश्यकता हो, तत्काल लगवाएं। जलजीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल टंकियों से ही पेयजल वितरण कराएं। जिन ग्रामों में स्त्रोत सूख गये हैं, या बंद हो गए हैं वहां के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग व्यवस्था करें। यदि निजी क्षेत्र के नलकूपों में पानी हो तो उसे भी अधिगृहित कराएं। विद्युत वितरण कंपनी के इंजीनियर को कलेक्टर ने निर्देश दिये कि पेयजल आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए वे जहां भी ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है, तत्काल लगवाएं। पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए चारों सहायक यंत्री उपयंत्रियों, पंचायत सचिवों और जीआरएस का वाट्सअप्प ग्रुप बनाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्र का अमला आपस में समन्वय के साथ कार्य करें और समस्याओं का निराकरण करें।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री संतोष टैगोर, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री विजय सिंह चौहान, आरईएस श्री मुरलीधर अहिरवार, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीईओ जनपद शाजापुर श्री राजकुमार हलधर, सीईओ शुजालपुर श्रीमती रूषाली पोरस एवं मो. बड़ोदिया श्री अमृत राज सिसोदिया भी उपस्थित थे।