शाजापुर जिले की जनता को परेशानी न हो यह ध्यान रखे- कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बस, ट्रक ड्रायवर के साथ बैठक सम्पन्न
शाजापुर, 02 जनवरी 2024/ आमजन को किसी तरह की परेशानी नहीं होना चाहिये। जिले की जनता को परेशानी होने पर हड़ताल एवं रोड जाम करने वालो के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। शरारती तत्वों से सावधान रहें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नही दें। यह बात कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत ने जिले के बस ऑपरेटर यूनियन, ट्रक ऑपरेटर यूनियन, ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों एवं बस, ट्रक ड्रायवर के साथ आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित चर्चा के दौरान कही। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल, अनुविभागीय अधिकारी श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, आरटीओ श्री राकेश भूरिया, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री देवेन्द्र शर्मा भी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि शासन द्वारा आमजनता के हितो को ध्यान में रखकर ही कानून बनाये जाते है। बनाये गये कानून की मंशा को समझने आवश्यकता की है। कलेक्टर ने कहा कि वाहन चालको की क्या मांगे है वह प्रशासन के ध्यान में है, व उन पर विचार करने के लिए शासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। साथ ही वाहन चालको की अन्य कोई मांग हो तो वह लिखित में दे सकते है। साथ ही कलेक्टर ने कहा कि ऐसा कोई कदम नहीं उठायें जिससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है, किन्तु हड़ताल एवं रोड जाम कर अपनी बात रखना गलत है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बात ज्ञापन के माध्यम शांति पूर्वक बता सकते है।
पुलिस अधीक्षक श्री राजपूत ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हड़ताल, धरना पदर्शन एवं रोड जाम करना कानून के विरूद्ध है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के अनुसार नेशनल हाईवे को जाम करना कानूनन अपराध है। इसलिए सभी ड्रायवर्स रोड जाम नहीं करें। उन्होंने सभी से कहा कि कानून एवं यातायात नियमों की जानकारी रखें। सावधानी पूर्वक नियमानुसार वाहन चलाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले, कानून को अपने हाथ में लेने पर उन्हें एवं उनके परिवार को बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने बैठक में मौजूद बस ऑपरेटर यूनियन, ट्रक ऑपरेटर यूनियन, ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों एवं बस, ट्रक ड्रायवर की मांग एवं उन्हें आ रही परेशानियों को भी सुना। उन्होंने सभी से कहा कि वे अपनी हड़ताल को जल्द से जल्द खत्म कर शाजापुर जिले का नाम प्रदेश एवं देश में रोशन करें। उपस्थित सभी ड्रायवर्स ने कहा कि वे कानून अपने हाथ में नहीं लेंगे और ऐसा करने का प्रयास करने वालों को रोकेंगे भी।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की अपील
कलेक्टर श्री कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजपूत ने सभी से अपील की है कि हडताल के कारण अत्यावश्यक सेवाएं जैसे- चिकित्सा, एम्बुलेंस, लोक परिवहन, दूध, फल, सब्जी, पेट्रोल, डीजल दवाईयों आदि की आपूर्ति प्रभावित ना हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने जिले में उक्त सभी अत्यावश्यक सेवाएं का सुचारू संचालन करने में सहयोग की अपील भी की है।