अस्पताल परिसर में निर्माण के नाम पर बेखौफ होकर लगातार हरे-भरे पेड़ों की कटाई करने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों के खिलाफ डॉक्टर और लैब कर्मचारियों ने थाना कोतवाली पर शिकायत कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एसडी जायसवाल और लैब कर्मचारियों ने थाने पर दिए गए शिकायती आवेदन में बताया कि जिला अस्पताल परिसर में 100 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। 100 बिस्तरीय निर्माणाधीन अस्पताल के ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा बिना अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों की मंजूरी लिए एवं बिना राजस्व अधिकारियों की अनुमति के पूर्व में भी 80 से 100 हर्बल गार्डन के पेड़ काट दिए गए थे और गुरुवार को भी मनमाने ढंग से ठेकेदार के कर्मचारी सुनील द्वारा जेसीबी की मदद से बायो-मेडिकल वेस्ट के पास खड़े 10 साल पुराने अशोक और पीपल के वृक्ष को काट दिया गया।
आवेदन में बताया कि पूर्व में भी ठेकेदार के कर्मचारियों को समझाईश दी गई थी, लेकिन ठेकेदार के कर्मचारियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और हरे पेड़ बिना प्रशासन की अनुमति के काटे जा रहे हैं। आवेदन में कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
निर्माण के नाम पर सैकड़ों पेड़ों की कटाई..!
उल्लेखनीय है कि शाजापुर जिला अस्पताल परिसर में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ विभिन्न अवसरों पर अलग-अलग प्रजातियों के सैकड़ों पौधों का रोपण किया था, लेकिन 100 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन निर्माण के नाम पर ठेकेदार के कर्मचारियों ने लगातार हरे-भरे पेड़ों को जमींदोज करने का काम किया और सैकड़ों पेड़ काटकर ठूंठ में बदल दिए गए।
हरियाली का हत्या का यह सिलसिला सैकड़ों पेड़ों की बलि लेने के बाद भी नही थमा और गुरुवार को भी जेसीबी की मदद से अशोक और पीपल के दो सरसब्ज पेड़ों को धराशायी कर दिया गया।
