सीवेज का काम करने वाली एजेंसी कार्यक्षमता में वृद्धि कर अगले 50 दिनों में शेष कनेक्शन करना सुनिश्चित करें- कलेक्टर श्री कन्याल —— कलेक्टर ने आज सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया
शाजापुर
—-
शाजापुर नगर में सीवेज कनेक्शन देने के चल रहे कार्य में एजेंसी तेजी लाए तथा अपनी कार्यक्षमता में वृद्धि कर अगले 50 दिनों में शेष मकानों को सीवेज कनेक्शन देना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने आज सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान दिये। इस अवसर पर नगरपालिका सीएमओ डॉ. मधु सक्सेना, निर्माण ऐजेंसी के प्रबंधक श्री हीरेन भाई पटेल भी उपस्थित थे।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मकानों से आने वाले मलजल युक्त पानी के उपचार के तरीकों की जानकारी ऐजेंसी से ली। इस दौरान उन्होंने संयंत्र की प्रणाली का भी अवलोकन किया। इसके बाद घरों में दिये जा रहे कनेक्शन की जानकारी लेने के लिए बादशाहपुल निवासी सरिता के मकान में लगे कनेक्शन का निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि शाजापुर नगर के सीवेज उपचार के लिए 73 करोड़ रूपये लागत का प्रोजेक्ट क्रियान्वित किया जा रहा है। इसमें अब तक 116 किलोमीटर की सीवेज लाईन शहर में बिछादी गई है। 06 पंपिंग स्टेशन लगाए गए हैं तथा 11 एमएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है। इस ट्रीटमेंट प्लांट में वर्तमान में 5600 घरों का साढ़े तीन एमएलडी (मलजल) पहुंच रहा है, जिसका उपचार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि शाजापुर नगर में कुल 13000 मकानों के सीवेज कनेक्शन दिये जाने है। जिसमें से 5600 मकानों का कनेक्शन दिया जा चुका है, जिसका मलजल का उपचार ट्रीटमेंट प्लांट में किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्माण ऐजेंसी को निर्देश दिये कि अगले 50 दिनों में शेष 7400 मकानों को सीवेज लाईन से जोड़ने का काम पूरा करें। कलेक्टर ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन निकलने वाले उपचारित 11 एमएलडी पानी (पीने योग्य नहीं) को राजराजेश्वरी मंदिर के पास चीलर नदी में डालने की कार्ययोजना बनाई जायेगी, ताकि नदी में प्रतिदिन 11 एमएलडी पानी आने से नदी में बहाव वर्षभर विद्यमान रहेगा।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department of Urban Development & Housing MP
#JansamparkMP #collectorshajapur #shajapur #MP