टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया (Tokyo Olympics bronze medalist Bajrang Punia) ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ एक बार फिर से मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। पूनिया ने कहा कि हम जंतर-मंतर पर फिर से विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं और जब तक WFI अध्यक्ष की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक हमारा धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। पहलवान प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।
वहीं सात महिला पहलवानों ने कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में बृजभूषण सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, हालांकि अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि, हम पहलवानों द्वारा दायर की गई शिकायतों की जांच कर रहे हैं और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा और बाहर के पहलवानों से कुल 7 शिकायतें मिली हैं। बृजभूषण सिंह के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए खेल मंत्रालय द्वारा गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। इससे पहले जनवरी में महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था।