वकील का महिला की लाश से अंगूठा लेने का वीडियो वायरल, लोगों ने बताया शर्मनाक, जानें क्या है इसके पीछे की सच्चाई
आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वह वीडियो लगभग दो साल पुराना बताया जा रहा है, जो अचानक से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं इस वीडियो के सामने आने के बाद सभी लोग लगातार कमेंट करके अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इस वीडियो के पीछे कितनी सच्चाई है ये हम आपको बताएंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, इस मामले में एक लाश से अंगूठे का निशान लिया गया। प्रॉपर्टी पर अंगूठे के निशान लेने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। मृतक वृद्धा थी। महिला के नाती ने अंगूठे के निशान से वसीयतनामा तैयार कर मकान एवं दुकान हड़पने का आरोप लगाया है। मृतका के नाती का कहना है कि उसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि वृद्धा की लाश कार में है, उसी दौरान वहां एक व्यक्ति आता है, जो वृद्धा के अंगूठे का निशान लेता है। दरअसल ये वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक वृद्ध महिला की लाश को लेकर एक अधिवक्ता के द्वारा वसीयत के कागजातो पर अंगूठा लगवाया जा रहा है। यह वीडियो थाना सदर बाजार के सेवला जाट का बताया जा रहा है।
आठ मई 2021 को हुई थी वृद्ध महिला की मौत
सेवला निवासी निवासी जितेंद्र शर्मा ने बताया 8 मई 2021 को उनकी नानी कमला देवी की मौत हो गई थी, जिन्हें उनके जेठ के पुत्र बैजनाथ और अंशुल ने अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में ही कार को रोका और वकील को बुलाकर मृत नानी के अंगूठे के निशान लगा लिए। अंगूठे के निशान लगाकर वसीयतनामा कराकर संपत्ति को हड़प लिया है, जिसकी शिकायत 21 मई 2022 में थाना प्रभारी सदर बाजार को की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जितेंद्र का आरोप है पुलिस द्वारा किसी के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। जितेंद्र के मुताबिक उसकी नानी के जेठ के पुत्र बैजनाथ और उनके लड़के कमलादेवी पर विगत कई साल पूर्व पहले से ही संपत्ति की वसीयत उनके नाम कराने का दबाव बनाते थे। कमला देवी इस बात का विरोध करती थी। 8 मई 2021 को उसकी नानी की आकस्मिक मौत के बाद आनन-फानन में उनका दाह संस्कार किया गया। जितेंद्र के पास एक वीडियो आया जिसके बाद जितेंद्र ने कमला देवी की हत्या करने की आशंका जताई है।
मुकदमा दर्ज कर होगी कानूनी कार्रवाई
एसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि एक वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। मृत महिला का अंगूठा वसीयत के कागजात पर लगवाया जा रहा है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है. थाना सदर में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जिसके बाद दोषियों के खिलाड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।