सरल है मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में आवेदन की प्रक्रिया-मुख्यमंत्री श्री चौहान फार्म भरवाने के लिए गाँव और वार्डों में 25 मार्च से लगेंगे शिविर ई-केवायसी के लिए नहीं देना है कोई शुल्क मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया के माध्यम से बहनों को दिया संदेश

भोपाल : रविवार, मार्च 19, 2023, 16:57 IST
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, बहनों के सशक्तिकरण के लिए बनाई गई है। सशक्तिकरण में सबसे अधिक जरूरी आर्थिक सशक्तिकरण है। बहनों के पास पैसा हो, तो उनमें आत्म-विश्वास भी होता है और स्वाभिमान का भाव भी जागृत होता है। इसलिए हमने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में हर पात्र बहन के खाते में हर महीने 1000 रूपए डालने का निर्णय लिया है। योजना में वे बहने पात्र होंगी, जिनकी आयु 23 से 60 वर्ष के बीच हो, विवाहित हो, परिवार की आय ढाई लाख रूपए वार्षिक से कम हो और ऐसे परिवार जिनके पास 5 एकड़ से कम जमीन हो। परिवार का मतलब पति, पत्नी और उनके बच्चे हैं। ऐसी पात्र बहनों के खाते में हर महीने एक हजार रूपए आएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सोशल और इलेक्ट्रानिक मीडिया पर जारी संदेश में यह बात कही।

बहनों को लोक सेवा केन्द्र या अन्य कहीं जाने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मेरी बहनों को कोई दिक्कत न हो, यह मेरा कर्त्तव्य है। इसलिए योजना में आवेदन प्रक्रिया को बहुत सरल बनाया गया है। योजना के फॉर्म आपके गाँव और शहर के वार्डों में भरवाए जाएंगे। बहनों को लोक सेवा केंद्र या कही और जाने की जरूरत नहीं है। सभी गाँव में हमारे कर्मचारी आएंगे और फॉर्म भरवाएंगे। इसके लिए 25 मार्च से शिविर लगना शुरू होंगे। जब तक सभी बहनों के आवेदन नहीं भर जाते तब तक शिविर लगेंगे।

समग्र आई.डी. और आधार नंबर है तो कोई दिक्कत नहीं होगी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि आवेदन में अपना नाम, पति का नाम, मोबाइल नंबर आदि दर्ज कराने के अलावा तीन जरूरी जानकारी बहनों के पास होनी चाहिए। पहला- आपकी या आपके परिवार की समग्र आईडी, दूसरा- आपका आधार नंबर और तीसरा- समग्र में दर्ज आपका मोबाइल नंबर। यह जानकारी यदि बहनों के पास है तो उनको कोई दिक्कत नहीं होगी। आवेदन भरा जाएगा और उसके बाद ई-केवाईसी करवाई जाएगी। इसके लिए बहनों को कहीं जाने की जरूरत नहीं है। गाँव और शहर के वार्ड में ही ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण की जायेगी। जहाँ कनेक्टिविटी नहीं है, वहाँ दूसरे गाँव या कॉमन सर्विस सेंटर में बहनों को ले जाने की आवश्यकता पड़ती है तो उनके लिए वाहन की व्यवस्था शासन द्वारा की जाएगी।

यदि कोई पैसा मांगता है तो सीएम हेल्पलाइन 181 नंबर पर करें शिकायत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ई-केवाईसी के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। शासन द्वारा एक ई-केवाईसी के लिए 15 रूपए का भुगतान संबंधित कॉमन सर्विस सेंटर्स को किया जाएगा। यदि किसी बहन से कोई ई-केवाईसी के लिए पैसा मांगता है तो सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐसे लोगों को जेल भिजवाया जाएगा। बहनों को एक भी पैसा देने की जरूरत नहीं है। यदि मेरी बहनों को परेशानी होती है, तो मेरे भाई होने का मतलब ही क्या है। इसलिए निश्चिंत रहिए-परेशान मत होइए। अपने गाँव, शहर में ही रहें। हमारी टीम आपसे संपर्क करेगी, शिविर में लाएगी और सारी औपचारिकता पूरी करवाएगी। ई-केवाईसी इसलिए कराई जा रही है, जिससे बहनों के खाते में ही पैसा जाए। बहने निश्चिंत रहें, उनकी सारी चिंताएँ हमारी हैं।

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

इंदौर में चाय कारोबारी का बेटा लग्जरी कार से कोकीन की डिलीवरी करने पहुंचा, पुलिस ने 30 हजार की ड्रग्स के साथ दबोचा     |     मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का बड़ा निर्देश, राज्य सूचना आयोग में रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए मुख्य सचिव को आदेश     |     छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, ड्रोन की मदद से पकड़े गए अवैध शराब के अड्डे— 9 लाख से अधिक का माल जब्त     |     धार के दसाई में पारंपरिक ‘गाय गोहरी’ पर्व की धूम, मन्नत पूरी होने पर जमीन पर लेटे लोग— परम्परा देख रह जाएंगे दंग     |     मध्य प्रदेश के बड़े शहरों में बेपटरी हुई ट्रैफिक व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस के खाली पदों को भरने के लिए एसएएफ जवानों की होगी तैनाती     |     कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘दिवाली और ईद’ वाले बयान पर सियासी घमासान, बीजेपी नेताओं ने बोला तीखा हमला     |     कूनो में चीतों की मौत के बीच डायरेक्टर के बगावती तेवर, प्रशासनिक व्यवस्था और ट्रांसफर सिस्टम पर कसा तंज     |     नर्मदा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने रौंदा, चार लोगों की दर्दनाक मौत— विधायक पहुंचे अस्पताल     |     भोपाल में पटाखों से पांच बच्चे और लोग घायल, सर्जरी के बाद भी एक किशोर की आंख बचाने में डॉक्टरों को आ रही चुनौती     |     इंदौर को मिली अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला की सौगात, सीएम मोहन यादव ने किया लोकार्पण— देसी नस्ल की गायों का होगा संरक्षण     |