जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड का खुलासा, इंस्टाग्राम रील देखकर गाड़ी का नंबर पता कर रची थी खौफनाक साजिश
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बहुचर्चित हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच में कई सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं। इस सनसनीखेज वारदात की पूरी पटकथा किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। आज से ठीक 7 साल पहले अपने पिता की बेरहमी से हुई हत्या का बदला चुकाने के लिए 21 साल के युवक अनीश गोल्या उर्फ जग्गू ने कुख्यात ‘7007 गैंग’ के गुर्गों के साथ मिलकर इस खौफनाक कत्ल को अंजाम दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के दौरान हमलावर विजय की फॉर्च्यूनर कार का नंबर भूल गए थे, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर विजय की रील देखकर कार का नंबर पता किया और कालवाड़ रोड से जगदंबा नगर तक पीछा कर उसकी हत्या कर दी।
जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते रची गई थी साजिश, डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने दी पूरी जानकारी
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि मृतक विजय बाजिया और मुख्य आरोपी अनीश गोल्या एक ही गांव के रहने वाले थे। करीब 7 साल पहले जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद के कारण विजय ने अपने भाई के साथ मिलकर एक शराब की दुकान पर अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। हालांकि बाद में जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद भी विजय बाजिया ने अनीश के ताऊ के साथ मारपीट की थी, जिससे अनीश के मन में बदले की आग लगातार सुलग रही थी।
कुल्हाड़ियां खरीदने से लेकर इंस्टाग्राम रील से कार नंबर ढूंढने तक का पूरा घटनाक्रम
घटना वाले दिन यानी बुधवार की सुबह अनीश और उसका साथी कमलेश ग्वार बेचने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात विजय से हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके तुरंत बाद दोनों हिंगोनिया पहुंचे और मात्र 250-250 रुपये खर्च कर तीन नई कुल्हाड़ियां खरीदीं। उन्होंने एक बढ़ई (कारपेंटर) से उन पर मजबूत डंडे फिट करवाए और उनकी धार को भी तेज करवाया। इसके बाद अपने अन्य साथियों युवराज व दिनेश को साथ लेकर उन्होंने विजय की तलाश शुरू की। इस दौरान जब वे कार का नंबर भूल गए, तो उन्होंने इंस्टाग्राम पर विजय की एक रील देखकर उसका कार नंबर ‘0302’ कंफर्म किया। (उल्लेखनीय है कि विजय को भी अपनी जान का खतरा था, इसलिए वह खुद भी अपनी गाड़ी में कुल्हाड़ी रखता था)।
IG की स्पेशल टीमों ने घरों पर दी दबिश, वाहन जब्त— स्थानीय नागरिक के वीडियो से हुई बदमाशों की तुरंत पहचान
इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने जोबनेर के तिबारिया स्थित गोल्या की ढाणी निवासी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ झोरू (23), तिबारिया निवासी युवराज चौधरी (23) और हिंगोनिया निवासी दिनेश चौधरी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी 7007 गैंग से जुड़े हुए हैं। एडिशनल कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि प्रोबेशनर आईपीएस आदिति भारद्वाज, एसीपी शिव कुमार भारद्वाज और एसएचओ सवाई सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। वारदात के समय पास की एक छत पर खड़े स्थानीय निवासी ने अपने मोबाइल से घटना का पूरा वीडियो बना लिया था, जिससे हमलावरों की तत्काल पहचान हो गई। इस सफल ऑपरेशन में कालवाड़ थाने की स्पेशल टीम के कांस्टेबल गजानंद की भी बेहद अहम भूमिका रही। गिरफ्तारी के बाद जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश की स्पेशल टीमों ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी और बीएनएसएस (BNSS) की धारा 106 के तहत अनीश के घर से 1 ट्रैक्टर व 1 जीप तथा कमलेश के घर से 2 ट्रैक्टर व 1 कार को आधिकारिक रूप से जब्त कर लिया है।