2028 Preparation: सिंहस्थ की तैयारियों का बढ़ा दायरा, इंदौर समेत 5 मार्गों के विकास पर 25 हजार करोड़ खर्च
उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ-2028 की तैयारियां अब केवल मेला क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। मध्य प्रदेश सरकार की व्यापक योजना के तहत उज्जैन के घाटों और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ इंदौर, जावरा, झालावाड़, गरोठ और मक्सी की ओर जाने वाले प्रमुख सड़क मार्गों, परिवहन व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज नेटवर्क तथा आसपास के धार्मिक स्थलों का कायाकल्प भी शामिल किया गया है। सरकार की अद्यतन रिपोर्ट के मुताबिक, विभिन्न जिलों में कुल 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 225 से अधिक विकास कार्य तीव्र गति से संचालित किए जा रहे हैं।
🚩 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान: मेला क्षेत्र में 3 हजार करोड़ की अस्थायी अधोसंरचनाएं होंगी विकसित
आगामी सिंहस्थ-2028 को लेकर अनुमान जताया गया है कि इस बार 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और दर्शनार्थी उज्जैन पहुंचेंगे, जो कि वर्ष 2016 के सिंहस्थ में आए 6 करोड़ श्रद्धालुओं की तुलना में कई गुना अधिक है। श्रद्धालुओं की विशाल संख्या को ध्यान में रखते हुए स्थायी विकास कार्यों के अतिरिक्त केवल मेला क्षेत्र में ही लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से अस्थायी अधोसंरचना (अस्थाई आवास, सुरक्षा व जल प्रबंधन) के कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य आगामी समय में सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करना है।