Water Crisis: प्यास बुझाने में बीता जीवन! गर्मी में पानी के लिए रोज 3KM पगडंडियों पर चलते हैं लोग; देखें जमीनी हकीकत

MP News: मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में भीषण गर्मी के साथ जलसंकट गहराने लगा है. जिले की ग्राम पंचायत राजाखेड़ी के अंतर्गत आने वाले पायरी गांव में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए रोजाना दो से तीन किलोमीटर दूर तक पैदल जाना पड़ रहा है. पहाड़ी और उबड़-खाबड़ रास्तों से होकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सिर पर मटके रखकर पानी ढोने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया.

गांव में रहने वाले सैकड़ों लोग हर साल गर्मी के मौसम में पानी की भारी किल्लत झेलते हैं. घुम्मकड़ समुदाय की आबादी वाले इस गांव में सुबह होते ही पानी की तलाश शुरू हो जाती है. महिलाएं तेज धूप में कई किलोमीटर दूर स्थित कुएं तक पहुंचती हैं और वहां से पानी भरकर वापस लौटती हैं. इस दौरान छोटे बच्चे भी अपने परिवार का हाथ बंटाने के लिए स्कूल छोड़ पानी लाने निकल पड़ते हैं. 5वीं कक्षा की छात्रा कुमारी ज्योति का कहना है कि पानी की समस्या के कारण पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.

पाइपलाइन तो बिछा दी, लेकिन नहीं लगाई मोटर

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ साल पहले प्रशासन ने जल्दबाजी में कुएं से गांव तक पाइपलाइन तो बिछा दी थी, लेकिन आज तक उसमें मोटर नहीं लगाई गई. परिणाम यह है कि गांव तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंची. करोड़ों की योजनाओं और ‘हर घर जल’ के दावों के बावजूद गांव के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

गांव की बुजुर्ग महिला आशा बाई बताती हैं कि उनका पूरा जीवन इसी परेशानी में गुजर गया. उम्र के इस पड़ाव में भी उन्हें पानी के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है. कई बार पहाड़ी रास्तों पर फिसलकर महिलाएं घायल भी हो चुकी हैं, लेकिन मजबूरी के चलते यह सिलसिला थम नहीं रहा.

गांव में शादी करने से कतरा रहे लोग

ग्रामीणों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. उनका कहना है कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में कोई हाल जानने तक नहीं आता. हालात इतने खराब हैं कि अब लोग अपनी बेटियों की शादी इस गांव में करने से कतरने लगे हैं.

जलसंकट से जूझ रहे ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी, तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं. पायरी गांव के लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उन्हें पानी के लिए यह संघर्ष कब तक करना पड़ेगा.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

जयपुर के जगदंबा नगर में सनसनीखेज गैंगवार, महज 45 सेकंड में 17 वार कर हिस्ट्रीशीटर की हत्या     |     तुला राशि में बुध मार्गी 2026, जानें वृषभ से लेकर मकर तक सभी राशियों पर प्रभाव और उपाय     |     बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रही रणबीर-यश की ‘रामायण’, 7 दिनों में 500 करोड़ पार और 1000 करोड़ के बेहद करीब     |     स्पेन में आवास संकट और महंगाई के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, बार्सिलोना में आगजनी और पुलिस के साथ झड़प     |     धार और अलीराजपुर के किसानों को बड़ी सौगात, 1353 करोड़ की डही माइक्रो सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण     |     रतलाम में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना गिरफ्तार, यूजीसी रोलबैक यात्रा पर पुलिस की कार्रवाई     |     बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नियमों का उल्लंघन, वाइल्डलाइफ फिल्ममेकर सुयश केसरी को थमाया गया नोटिस     |     मध्य प्रदेश में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे— अमरकंटक में सबसे सर्द रात     |     जबलपुर के कांचघर में दिवाली की रात दोहरा हत्याकांड, कार्तिक और करण की हत्या के बाद सात आरोपी गिरफ्तार     |     सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को 1,211 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, सीएम मोहन यादव ने किया भूमि पूजन     |