Iran Representative in Bhopal: ‘हम शांति के पक्षधर, जंग उन्होंने शुरू की’, भोपाल में बोले ईरानी सुप्रीमो के प्रतिनिधि
भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन जलसे में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि पहुंचे. बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई और भाईचारे का संदेश दिया गया. इस आयोजन का मुख्य आकर्षण ईरान से आए सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि मौलाना डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही रहे, जिन्होंने ईरान-अमेरिका इजारइल युद्ध पर कहा कि ईरान शांति का पक्षधर है, युद्ध ईरान ने शुरू नहीं किया.
युद्ध से कई देश प्रभावित, पर ये हमने शुरू नहीं किया : इलाही
राजधानी भोपाल के कोहेफिजा इलाके में इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन जलसे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली. इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, आपसी भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करना रहा. सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि मौलाना डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही के भोपाल पहुंचते ही उनके फैंस में उत्साह और भी बढ़ गया. उन्होंने अपने संबोधन में युद्ध के वर्तमान हालातों पर कहा कि इससे भारत समेत कई देश प्रभावित हो रहे हैं लेकिन युद्ध की शुरुआत अमेरिका-इजराइल ने की. इसके साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहें और समाज को मजबूत बनाएं.
तिरंगा लेकर पहुंचे लोग
कोहेफिजा में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर पहुंचे, जिससे देशभक्ति और एकता का संदेश साफ नजर आया. वहीं कुछ स्थानीय लोग फिलिस्तीन प्रिंट वाली टी-शर्ट के साथ नजर आए.
ईरान और वैश्विक मुद्दों पर भी हुई चर्चा
जलसे में सिर्फ सामाजिक एकता ही नहीं, बल्कि ईरान और फिलिस्तीन जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि दुनिया में जहां भी अन्याय हो, उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है और इंसानियत के साथ खड़ा होना चाहिए.
ईरान-भारत पुराने दोस्त : इलाही
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मौलाना डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा, ”’ समाज में आपसी मतभेद खत्म कर ‘सिर्फ उम्मत’ की सोच को मजबूत करने का संदेश देना चाहिए.” उन्होंने अमरीका-इजरायल की हरकत को नापाक बताया और कहा, ” ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की भारत से पुरानी दोस्ती का रिश्ता है. खामेनेई ने 250 किताबें लिखी जिसमें दो किताब तो भारत पर लिखी हैं.”
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इससे सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी समझ का मजबूत संदेश सामने आया।