Mirzapur Road Accident: मिर्जापुर में दो ट्रकों की जोरदार टक्कर, ड्राइवर और खलासी की मौत

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान मोड़ के पास तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक के ड्राइवर और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें फंस गए.

शनिवार देर रात एक ट्रक मिर्जापुर की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक मध्य प्रदेश की दिशा से मिर्जापुर की तरफ बढ़ रहा था. जैसे ही दोनों ट्रक पहाड़ी इलाके में स्थित बड़का घुमान मोड़ के पास पहुंचे, उसी दौरान अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया.

ड्राइवर और खलासी की मौके पर ही मौत

इस हादसे में उस ट्रक के ड्राइवर और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. टक्कर के बाद दूसरा ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे.

सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को गैस कटर से काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

हालांकि, मृतक ड्राइवर और खलासी के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिसके चलते उनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस ट्रकों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है.

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष भरत सुमन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि दोनों मृतकों की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है. पहचान होने के बाद ही पोस्टमार्टम की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़का घुमान मोड़ पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

झारखंड के चतरा में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ जीजा-साले को दबोचा, कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की थी साजिश     |     रांची में दोस्ती की आड़ में खूनी खेल, शराब के नशे में विवाद के बाद दो दोस्तों ने की तीसरे की हत्या— दोनों गिरफ्तार     |     उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में अनोखा मामला, तख्ती लेकर थाने में सरेंडर करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल     |     बिहार के दरभंगा में 1.40 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, बीजेपी नेता विशाल महासेठ समेत पांच गिरफ्तार     |     केदारनाथ धाम के कपाट छह महीने के लिए शीतकाल हेतु बंद, बाबा की उत्सव डोली उखीमठ के लिए रवाना     |     स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बड़ा समुद्री हादसा, बारूदी सुरंगों से टकराकर तीन तेल टैंकर क्षतिग्रस्त— ईरान और यूएई में हड़कंप     |     भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान, टॉम लैथम संभालेंगे कमान— तीन धुरंधर खिलाड़ियों की वापसी     |     भाई दूज 2026, जानें तिलक लगाने का सबसे शुभ मुहूर्त, सही पूजा विधि और इस पर्व का पौराणिक महत्व     |     रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, छठे दिन फिल्म ने पार किया 800 करोड़ का आंकड़ा     |     दिल्ली के नांगलोई में दर्दनाक हादसा, पार्क में खेल रहा 4 साल का मासूम खुला सीवर में गिरा— रेस्क्यू ऑपरेशन जारी     |