₹20 लाख के नकली नोट: मदरसे के मामले पर BJP MLA ने उठाया सवाल- ‘भारत को अस्थिर करने की कोशिश’, क्या CM लेंगे बड़ा एक्शन?
खंडवा जिले में एक मदरसे से 19 लाख रुपये से अधिक की नकली करेंसी बरामद होने के मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक रामेश्वर शर्मा ने मदरसों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “मदरसे अवैध गतिविधियों का केंद्र बनते जा रहे हैं, पहले ऐसा नहीं था. बाहर के लोग आकर मदरसे में काम कर रहे हैं, साथ ही अवैध गतिविधियां भी संचालित कर रहे हैं. मदरसे में पढ़ाने वाले लोग और सब की जानकारी सरकार को हासिल करना चाहिए.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने आगे कहा, ”मैं मुख्यमंत्री जी से निवेदन करूंगा कि इस विषय को गंभीरता से लेकर बाकी जो भी प्रदेश में मदरसे हैं, उनके बारे में एक पॉलिसी बनाई जाना चाहिए.”
उधर, BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है जिन मदरसों को शिक्षा का केंद्र मानते हैं, वो मदरसे आज आतंकवादियों और भारत विरोधी गतिविधियों के केंद्र बन गए हैं.
भोपाल की हुजूर सीट से विधायक शर्मा ने आगे कहा, ”पहले भी हमने मदरसों के बारे में कहा था, आज भी मैं कहना चाहता हूं कि जितने भी इस्लामिक स्कॉलर्स हैं, उनसे निवेदन है कि ऐसे मदरसों को बंद करो. यह मदरसे कभी आतंकवादियों के अड्डे, कभी अव्यवस्था, कभी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, कभी राष्ट्रगान के विरोध के लिए जाने जाते हैं. मौलवी मालेगांव में पकड़ा गया और खंडवा जहां से पहले भी सिमी के आतंकवादी पकड़े जा चुके हैं.