बैतूल। शुक्रवार की शाम बैतूल जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से शाम तक धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन करीब पांच बजे बादल घिरने के बाद गरज-चमक के साथ तेज वर्षा शुरू हो गई। करीब 25 मिनट तक हुई बारिश ने शहर और ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर पानी भर दिया। देर रात तक रिमझिम फुहारें भी जारी रहीं।
तेज वर्षा से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं खेतों में पककर खड़ी सोयाबीन की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई। बैतूलबाजार के किसान एस.के. वर्मा ने बताया कि उन्होंने आठ एकड़ में सोयाबीन बोई है, जो पूरी तरह पक चुकी है। ऐसे समय में लगातार बारिश होने से दानों के अंकुरित होने का खतरा है। इससे सोयाबीन की गुणवत्ता और मंडी भाव दोनों प्रभावित होंगे।