रेल SP के अनुसार युवती मूलतः जबलपुर में दो साल और इंदौर में एक साल से प्रैक्टिस कर रही थी। इंदौर में उसकी मुलाकात सारांश नामक युवक से हुई थी। दोनों की ट्रेन यात्रा के दौरान नज़दीकी बढ़ी और 6 अगस्त को एक ढाबे पर युवती, सारांश और उसके ड्राइवर तेजिंदर ने भागने की योजना बनाई।
दरअसल 7 अगस्त को युवती का रिश्ता एक पटवारी से तय हो गया था, लेकिन युवती आगे पढ़ाई करना चाहती थी। परिवार के दबाव में शादी की तैयारी से बचने के लिए उसने भागने का निर्णय लिया।
योजना के तहत नर्मदापुरम स्टेशन पर ट्रेन में ही तेजिंदर ने युवती को कपड़े बदलने के लिए दिए, जबकि सारांश प्लेटफार्म के बाहर इंतज़ार कर रहा था। इसके बाद दोनों बिना टोल वाले रास्तों से शुजालपुर, बुरहानपुर होते हुए हैदराबाद पहुंचे और फिर जोधपुर से काठमांडू निकल गए। इस दौरान युवती ने नया सिम कार्ड भी निकलवा लिया। बाद में सारांश वापस लौट आया और युवती नेपाल में रुक गई।
खीरी पुलिस की मदद से नेपाल बॉर्डर से युवती को सुरक्षित बरामद किया गया। रेल SP ने बताया कि यह सब युवती अर्चना ने पूरी समझदारी और अपनी मर्ज़ी से किया था, इसलिए इस मामले में किसी भी प्रकार का आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया जाएगा।