हाथियों ने मचाया कहर: शहडोल–रीवा मार्ग ठप, ग्रामीणों की उड़ी नींद

शहडोल: जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला। शनिवार की रात को हाथियों का झुंड ब्यौहारी नगर के अंतिम छोर तक पहुंच गया। इस दौरान हाथियों ने एक कच्चे मकान को तोड़ दिया, जिससे आसपास के लोगों में भारी दहशत का माहौल बन गया। हाथियों की आहट और गतिविधियों के चलते शहडोल-रीवा मार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद रहा। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अलर्ट जारी किया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथियों का झुंड देर रात रीवा से होते हुए ब्यौहारी क्षेत्र के अंदरूनी हिस्सों में प्रवेश कर गया। इस दौरान हाथियों ने खेतों और घरों के आसपास काफी देर तक मूवमेंट किया। ग्रामीणों के अनुसार हाथी वन बिहार ढाबा से लेकर एमपीटी रेस्टोरेंट तक के इलाके में बार-बार देखे गए। इस वजह से हाईवे पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्री घंटों तक दहशत में रहे।हाथियों के हमले और अनहोनी की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल कुछ कच्चे मकानों को सुरक्षा की दृष्टि से खाली कराया। प्रभावित ग्रामीणों ने पक्के मकानों और खुले स्थानों पर शरण ली। कई परिवार पूरी रात घर से बाहर रहे और खुले मैदानों में रतजगा किया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार मूवमेंट से अब लोग सामान्य जीवन जीने से डरने लगे हैं।

वन विभाग की टीम ने बताया कि हाथियों का यह झुंड कई दिनों से रीवा और शहडोल जिले की सीमाओं के बीच मूवमेंट कर रहा है। भोजन और पानी की तलाश में हाथी आबादी वाले इलाकों में घुस आते हैं, जिससे नुकसान और दहशत फैलती है। विभाग ने ब्यौहारी क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और हाथियों के पास जाने का प्रयास न करें। साथ ही रात्रि समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।घटना की जानकारी लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और वन विभाग के साथ मिलकर गश्त तेज की गई। देर रात तक हाथियों को आबादी से दूर करने के प्रयास चलते रहे। टीम लगातार इलाके में पेट्रोलिंग कर रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सताने लगी है। खेतों की फसलें नुकसान झेल रही हैं और मकानों को भी खतरा बना हुआ है। वन विभाग ने इस दौरान स्थानीय लोगों को जागरूक किया और कहा कि अगर हाथियों की मौजूदगी दिखे तो तुरंत विभाग को सूचना दें।

उल्लेखनीय है कि शहडोल और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से हाथियों का मूवमेंट लगातार बढ़ा है। हाथियों का झुंड आए दिन गांवों और नगरों के आसपास देखा जा रहा है। इससे ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ रहा है। लोग अब रात्रि में अपने घरों के बाहर ही पहरा देने को मजबूर हो रहे हैं।

फिलहाल वन विभाग ने पूरे ब्यौहारी क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है और गश्ती दल लगातार निगरानी कर रहे हैं। लेकिन हाथियों की बार-बार आमद ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। ग्रामीण अब सरकार और वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि हाथियों के आतंक से उन्हें मुक्ति मिल सके।

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

वैशाली में पुश्तैनी जमीन विवाद के बाद खौफनाक कदम: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जहर खाने से मौत     |     रांची की होटवार जेल में विचाराधीन कैदी के साथ अमानवीयता, जबरन नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक कुकर्म— जेल अधीक्षक समेत 19 पर केस     |     शेयर बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 600 अंक टूटा, निवेशकों को शुरुआती मिनटों में ही लाखों करोड़ का नुकसान     |     पुराना स्मार्टफोन चलाने में हो गया है स्लो? जानिए फोन के धीमा होने की असली वजह और सुधारने के आसान तरीके     |     भारत के खिलाफ टिम साइफर्ट ने रचा इतिहास, वनडे क्रिकेट में 27 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त     |     एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद से चीन की बढ़ी मुश्किलें, एआई चिप्स की सप्लाई पर मंडराया संकट     |     पुणे में सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़े: सीएनजी 99 रुपए किलो पहुंची, घरेलू गैस भी हुई महंगी     |     दिल्ली-बिहार छठ पूजा विशेष बस सेवा शुरू, किराए में भारी छूट— रेलवे ने भी चलाईं स्पेशल ट्रेनें     |     छठ पूजा 2026: जानिए गैस चूल्हे की बजाय हमेशा मिट्टी के नए चूल्हे पर ही क्यों बनाया जाता है प्रसाद?     |     देश के 13 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं आपत्तियां     |