पुरी: क्या लड़की को बदमाशों ने नहीं जलाया? पीड़िता की मां के दावे से अलग है पुलिस की शुरुआती जांच

ओडिशा के पुरी में 15 साल की लड़की को कथित तौर पर जिंदा जलाने की घटना ने झकझोर कर रख दिया है. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान लड़की ने दम तोड़ दिया. लड़की की मौत के कुछ घंटों बाद ही ओडिशा पुलिस ने शनिवार को कहा कि अब तक की जांच में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं. पुलिस के इस दावे ने मामले को नया मोड़ दे दिया है, क्योंकि पीड़िता की मां ने प्राथमिकी (FIR) में आरोप लगाया था कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उसकी बेटी का अपहरण कर उसे आग के हवाले कर दिया था.

घटना 19 जुलाई को हुई थी, जब पीड़िता की मां ने पुरी के बलंगा थाने में एफआईआर दर्ज कराई. एफआईआर के अनुसार, उनकी बेटी को तीन अज्ञात लोग किडनैप करके अपने साथ ले गए और उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. गंभीर हालत में लड़की को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया. तीन अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस बोली- घटना में कोई और शामिल नहीं

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्कॉवयड को मौके पर भेजा गया. शनिवार को पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, पुलिस ने पूरी ईमानदारी और गंभीरता से इस मामले की जांच की है. जांच अब अपने अंतिम चरण में है और अब तक की जांच के अनुसार, इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले हैं. पुलिस ने साथ ही आम जनता से अपील की कि इस संवेदनशील समय में मामले पर कोई भी भड़काऊ या संवेदनशील टिप्पणी न करें.

हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि लड़की को आग कैसे लगी. इस सवाल पर अब भी रहस्य बना हुआ है. जहां पीड़िता की मां का आरोप है कि उसकी बेटी को अपहरण कर जलाया गया, वहीं पुलिस की रिपोर्ट इसे खारिज करती दिख रही है.

घटना की जांच के लिए SIT का गठन

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. पुलिस ने इस दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के आवासों के आसपास भी सुरक्षा कड़ी कर दी. फिलहाल, प्रदेश में इस घटना को लेकर आक्रोश है. हालांकि, पुलिस की अंतिम रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर ही यह तय हो पाएगा कि 15 वर्षीय लड़की की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

वैशाली में पुश्तैनी जमीन विवाद के बाद खौफनाक कदम: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जहर खाने से मौत     |     रांची की होटवार जेल में विचाराधीन कैदी के साथ अमानवीयता, जबरन नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक कुकर्म— जेल अधीक्षक समेत 19 पर केस     |     शेयर बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 600 अंक टूटा, निवेशकों को शुरुआती मिनटों में ही लाखों करोड़ का नुकसान     |     पुराना स्मार्टफोन चलाने में हो गया है स्लो? जानिए फोन के धीमा होने की असली वजह और सुधारने के आसान तरीके     |     भारत के खिलाफ टिम साइफर्ट ने रचा इतिहास, वनडे क्रिकेट में 27 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त     |     एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद से चीन की बढ़ी मुश्किलें, एआई चिप्स की सप्लाई पर मंडराया संकट     |     पुणे में सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़े: सीएनजी 99 रुपए किलो पहुंची, घरेलू गैस भी हुई महंगी     |     दिल्ली-बिहार छठ पूजा विशेष बस सेवा शुरू, किराए में भारी छूट— रेलवे ने भी चलाईं स्पेशल ट्रेनें     |     छठ पूजा 2026: जानिए गैस चूल्हे की बजाय हमेशा मिट्टी के नए चूल्हे पर ही क्यों बनाया जाता है प्रसाद?     |     देश के 13 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं आपत्तियां     |