सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में गुरुवार की रात को तेज बारिश ने जमकर कोहराम मचाया. माडा क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए. इसके साथ ही कुछ लोगों के घर भी पानी में डूब गए. आलम यह है कि लोगों को घरों से निकलने में भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार की सुबह पुलिस टीम एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गया. घरों से पानी निकालने और राहत का कार्य जारी है. पुलिस की माने तो इस तेज बारिश में घरों तक पानी पहुंचा तो जरूर है, लेकिन गांव के सभी लोग अब तक सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
घरों में घुसा बारिश का पानी
दरअसल पूरा मामला सिंगरौली जिले के माडा तहसील क्षेत्र का है. यहां गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को हुई तेज बारिश के कारण ग्राम बहेरी कला और छतौली जलमग्न हो गए हैं. आलम यह है कि कई घरों के पास जलजमाव की स्थिति बन गई है. कुछ घर तो पानी से पूरी तरह डूब गए हैं. फिलहाल पुलिस मौके पर बचाव दल के साथ मौजूद है और रेस्क्यू में जुटी हुई है. जेसीबी मशीन की सहायता से गांव और घरों में भरे पानी को निकालने की कवायद जारी है.
पुलिस और बचाव दल द्वारा राहत कार्य जारी
माडा क्षेत्र में जलमग्न की स्थिति निर्मित हो गई है. इस सूचना पर पुलिस और बचाव दल की टीम शुक्रवार को अल सुबह मौके पर पहुंची. राहत और बचाव का कार्य शुरू कर दिया है. जिन घरों में पानी घुस गया है, वहां से लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. इसके बाद बचाव दल ने जेसीबी मशीन की सहायता से पानी निकालने की कवायद शुरू की. तेज बारिश के कारण माडा क्षेत्र के दर्जनों गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं. माडा बाजार इलाके तालाब में तब्दील हो गए हैं. दुकानों के अंदर पानी भर गया है, जिससे व्यापारी परेशान हैं.
जलमग्न हुए गांवों से पानी की निकासी जारी
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि “गुरुवार की रात तेज बारिश के कारण माडा तहसील क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए हैं. बारिश का खास असर 2 गांव में देखने को मिल रहा है. बारिश का पानी सड़कों पर बह रहा है, इसके चलते मार्गों से निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने जेसीबी मशीन के माध्यम से पानी को निकालना शुरू कर दिया है. वहीं शिव पहाड़ी इलाके को बैढ़न जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले पुल पर पानी लबालब भर गया है, जिससे सुबह से ही आवागमन बंद है.”
इलाके में बने बाढ़ जैसे हालात
माडा इलाके के जनपद सदस्य रणधीर सिंह ने बताया कि “गुरुवार की रात से जारी बारिश के चलते माडा इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. निचली बस्तियों में पानी भर गया है. माडा के छतौली गांव, बहरी कला गांव और शिव पहाड़ी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई है. क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक घरों में पानी घुस गया है. प्रशासन द्वारा लगातार पानी निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं.”