भोपाल : मध्यप्रदेश में सरकारी कार्यक्रमों में खर्चे के नाम लगातार गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला वन विभाग का सामने आया है, जिसमें मध्यप्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व के लोकार्पण के एक घंटे के कार्यक्रम पर 27 लाख रुपए खर्च कर दिए गए. यह कार्यक्रम 13 दिसंबर 2024 को हुआ था. कार्यक्रम में पेट्रोल, हेलमेट के अलावा खाने पर जमकर पैसा खर्च किया गया.
RTI एक्टिविस्ट ने मुख्य सचिव से की शिकायत
वन विभाग के इस कार्यक्रम में खर्च के नाम पर गड़बड़ी की शिकायत आरटीआई एक्टिविस्ट ने मुख्य सचिव से की है और मामले की जांच कराने की मांग की है. उधर इस मामले से जुड़ा सवाल सुनकर वन बल प्रमुख बिना जवाब दिए ही लौट गए. गौरतलब है कि रातापानी टाइगर रिजर्व के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव और एक्टर रणदीप हुड्डा भी शामिल हुए थे.
पेट्रोल पर खर्च हुए 7 लाख रुपए?
मध्यप्रदेश के 8वें टाइगर रिजर्व रातापानी अभ्यारण्य का लोकार्पण समारोह दिसंबर 2024 में हुआ था. आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे का आरोप है कि यह कार्यक्रम सिर्फ 1 घंटे का था, इस कार्यक्रम में बाइक रैली भी रखी गई. इस कम समय के कार्यक्रम में 27 लाख रुपए खर्च कर दिए गए. इसमें 7 लाख रुपए वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने में खर्च किए गए. इसके अलावा 2.36 लाख रुपए की हेलमेट खरीदी की गई और तो और 11.50 लाख रुपए का खाने का बिल बनाया गया.
सरकारी खर्चे में गड़बड़ी की आशंका
आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने इन खर्चों को लेकर सवाल खड़े किए हैं और इसमें गड़बड़ी की आशंका जताई है. उन्होंने कहा, ” बताया गया कि डीएफओ ने 5 हजार लोगों को खाना खिलाया, लेकिन कार्यक्रम के दौरान की उपलब्ध फोटोग्राफ में इतना भीड़ ही दिखाई नहीं दे रही. उन्होंने इस मामले की मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन से भी शिकायत की है और जांच कराए जाने की मांग की है.
सवाल सुनवाई ही चुपचाप लौटे अधिकारी
उधर जब इस मामले को लेकर वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव से मीडिया ने सवाल किया तो पहले तो वे कुछ सेकंड रूके और फिर इसका जवाब दिए बिना ही मुडकर चले गए.
हालांकि, सरकारी कार्यक्रमों में इस तरह की गड़बड़ी के आरोप कोई नई बात नहीं है.
हाल ही में शहडोल में जल संरक्षण जागरूकता अभियान के एक घंटे के कार्यक्रम में जिले के आला अधिकारी 13 किलो ड्राई फ्रूट्स खा गए थे. इसके अलावा 5 किलो घी भी कार्यक्रम में लग गया था. इसका 19 हजार रुपए का बिल बनाया गया था.