शहडोल/मुरैना: मध्य प्रदेश में इस बार बारिश मेहरबान है. विंध्य क्षेत्र में इन दिनों झमाझम बरसात का दौर देखने को मिल रहा है. आलम ये है कि कई सालों का रिकॉर्ड टूट गया है. जहां भी नजर दौड़ाएंगे पानी ही पानी नजर आ रहा है. चंबल में मुरैना की बात करें तो यहां बुधवार को अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ. मुरैना में बारिश ने पिछले 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 23 जुलाई तक मुरैना में 585.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी है.
विंध्य में बारिश मेहरबान
विंध्य क्षेत्र में इस बार बारिश मेहरबान हैं. नदी नाले सभी उफान पर चल रहे हैं. डैम के गेट खोले जा चुके हैं. पिछले साल इस महीने तक जितनी बारिश हुई थी उससे कहीं ज्यादा बारिश अब तक हो चुकी है. हर दिन झमाझम बारिश का दौर जारी है. पड़मनिया, सिंहपुर गांव के रहने वाले अनिल साहू, निखिल गुप्ता बताते हैं कि “मौजूदा साल जैसी बारिश कभी देखने को ही नहीं मिली. इस साल तो खेत, कुएं सभी पहली बारिश से ही पानी से लबालब हैं.” किसान मंदरमन बैगा कहते हैं कि “इस बार धान की फसल भी अच्छी खासी होगी.”
विंध्य में किस जिले में कितनी बारिश
शहडोल
विंध्य क्षेत्र में बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो शहडोल जिले में इस बार अच्छी बारिश देखने को मिल रही है. अधीक्षक भू-अभिलेख के मुताबिक यहां एक जून 2025 से अब तक टोटल 628.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है. इसी अवधि में पिछले साल 341.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी.
उमरिया
उमरिया जिले में अधीक्षक भू-अभिलेख के मुताबिक एक जून से लेकर अब तक 686.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि पिछले साल इसी समय तक 155.3 मिमी बारिश दर्ज की गई थी.
अनूपपुर
अनूपपुर जिले की बात करें तो यहां एक जून से 24 जुलाई तक 527 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है जबकि इसी अवधि में पिछले साल इस जिले में 378 मिमी बारिश ही दर्ज की गई थी.
रीवा
रीवा जिले की बात करें तो यहां भी बारिश ने मौजूदा साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. जिले में अब तक 450.4 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है. जबकि पिछले साल इस समय तक महज 96 मिलीमीटर ही बारिश दर्ज की गई थी.
सीधी
सीधी जिले में भी एक जून से अब तक 763.58 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है. जबकि पिछले साल इस समय तक 558.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी.
मुरैना में मूसलाधार बारिश
मुरैना जिले में पिछले तीन-चार दिन की उमस के बाद बुधवार को अचानक मौसम बदल गया. मूसलाधार बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजार जलमग्न हो गए. 2 घंटे की जबरदस्त बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी. बारिश के चलते दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 30 डिग्री पर पहुंच गया.
2 घंटे की बारिश में शहर लबालब
मुरैना शहर में 2 घंटे तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई. बारिश इतनी तेज थी कि पूरा शहर पानी से लबालब हो गया. ऐसा कोई भी इलाका नहीं था जहां पर घुटनों तक पानी न हो. लोगों के घरों और दुकानों तक में पानी घुस गया. शहर के सदर बाजार, झंडा चौक, मारकंडेश्वर बाजार, पंसारी बाजार, लोहिया बाजार, सराफा बाजार, एमएस रोड सहित सरकारी दफ्तर और कई बस्तियों में भारी जल भराव हो गया.
बारिश ने तोड़ा 6 साल का रिकॉर्ड
मुरैना में इस साल जून-जुलाई में जोरदार बारिश हुई है. एक जून से 23 जुलाई तक जिले में कुल 585.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है. यह बारिश पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी है. वहीं पिछले 6 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून और जुलाई में इस साल सबसे अधिक बारिश हुई है और इसने 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.