इंदौर: ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के करीब 2 महीने बाद भाई विपिन रघुवंशी मेघालय पहुंचे. राजा रघुवंशी की आत्मा की शांति के लिए शिलांग में परिवार वालों ने उस जगह पर पूजा की जहां पर राजा की बॉडी मिली थी. वहीं दूसरी ओर राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में 3 आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल गई है. इसके बाद राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने अपना वकील बदल दिया है. राजा रघुवंशी की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था.
विपिन ने शिलांग में किया अनुष्ठान
राजा के भाई विपिन रघुवंशी का मानना है कि “राजा की आत्मा को शांति नहीं मिली है. राजा की आत्मा भटक रही है.” इसलिए उन्होंने परिवार के साथ शिलांग पहुंचे और राजा की आत्मा की शांति के लिए विधि-विधान से अनुष्ठान कराया. इस दौरान भाई विपिन और परिजन ने राजा के मोक्ष की भगवान से प्रार्थना की. राजा की हत्या शिलांग में सोहरा में हुई थी. हत्या का आरोप राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाहा पर लगा है.
विपिन रघुवंशी ने बदला वकील
इस मामले में पुलिस ने इंदौर से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से 3 आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है. जबकि मुख्य 5 आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा सहित अन्य लोग शामिल थे. पांचों आरोपी अभी भी जेल की सलाखों के पीछे हैं. विपिन रघुवंशी का कहना है कि “हमने हमारे वकील को बदल दिया है. साथ ही जिस सीलोंम जेम्स की पिछले दिनों जमानत हुई थी उसकी जमानत याचिका को खारिज करवाने के लिए हाई कोर्ट भी जा रहे हैं.”
दोषियों को कड़ी सजा की मांग की
विपिन ने राजा रघुवंशी की हत्या के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही. उन्होंने कहा,”सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा को सख्त सजा मिले. इसको लेकर वे कई तरह से तैयारी कर रहे हैं. दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.” गुरुवार 24 जुलाई को विपिन रघुवंशी ने राजा की आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान किया. इसके बाद विपिन ने वहां के कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात की. साथ ही घटना को लेकर विभिन्न तरह की जानकारी दी.”
विपिन को मिला राजा का डेथ सर्टिफिकेट
विपिन ने बताया, “शिलांग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन दिलाया है कि जल्द ही दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी. शिलांग पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत भी मौजूद है.” इसके बाद अस्पताल पहुंचकर राजा का डेथ सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया. विपिन पिछले कई दिनों से डेथ सर्टिफिकेट के लिए परेशान हो रहे थे.