बरेली: कब्रिस्तान के सामने सो रहे युवक पर सफाईकर्मियों ने पलट दी कचरे से भरी टॉली, दबने से मौत

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारादरी थाना क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां सतीपुर चौराहे के पास कब्रिस्तान के सामने एक पेड़ की छांव में सो रहे सब्जी विक्रेता पर नाले से निकाली गई गंदगी से भरी ट्रॉली पलट दी गई. इस हादसे में शख्स की दबने से मौत हो गई. मृतक का नाम सुनील कुमार प्रजापति है जिसकी उम्र 45 साल बताई जा रही है.

सुनील के पिता गिरवर सिंह प्रजापति ने बताया कि उनका बेटा दोपहर के समय ककरईया कब्रिस्तान के सामने पेड़ की छांव में सो रहा था. इसी दौरान नगर निगम के ठेकेदार नईम शास्त्री और उसके सफाई कर्मचारियों ने बिना देखे ट्राली से सिल्ट (नाले की गंदगी) वहीं पर गिरा दी. जहां सुनील सो रहे थे, वहां झाड़ियां भी थीं, जिससे वह दिख नहीं पाए. परिजन का आरोप है कि यह जगह मलबा डालने के लिए अधिकृत नहीं थी.

लोगों ने मिलकर निकाला, लेकिन जान न बच सकी

स्थानीय लोगों की मदद से सुनील को मलबे से बाहर निकाला गया और एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. सुनील ही अपने परिवार का इकलौता सहारा थे. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सुनील के पिता की तहरीर पर बारादरी थाना पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नगर निगम ने भी कहा- कराएंगे विभागीय जांच

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि पहली नजर में यह लापरवाही का मामला लग रहा है. जिस स्थान पर सिल्ट गिराई गई, वह अधिकृत स्थल नहीं था. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

परिवार का आरोप साजिशन डाला मलबा

सुनील के परिजन का यह भी कहना है कि कर्मचारियों और ठेकेदार ने जान-बूझकर मलबा उनके बेटे पर डाला है. उनका आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि साजिश है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह साफ होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सुनील की मौत से टूटा दुखों का पहाड़

सुनील कुमार प्रजापति सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है. सुबह जब वह सब्जी बेचने नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई और जब पता चला तो परिवार में कोहराम मच गया. इस हादसे ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की लापरवाही पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

धार और अलीराजपुर के किसानों को बड़ी सौगात, 1353 करोड़ की डही माइक्रो सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण     |     रतलाम में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना गिरफ्तार, यूजीसी रोलबैक यात्रा पर पुलिस की कार्रवाई     |     बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नियमों का उल्लंघन, वाइल्डलाइफ फिल्ममेकर सुयश केसरी को थमाया गया नोटिस     |     मध्य प्रदेश में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे— अमरकंटक में सबसे सर्द रात     |     जबलपुर के कांचघर में दिवाली की रात दोहरा हत्याकांड, कार्तिक और करण की हत्या के बाद सात आरोपी गिरफ्तार     |     सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को 1,211 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, सीएम मोहन यादव ने किया भूमि पूजन     |     बीजेपी का हिंदुत्व नफरत फैलाता है— गुना में दिग्विजय सिंह ने सावरकर और मोदी सरकार पर साधा निशाना     |     रीवा के बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान पर घमासान, किसानों पर टिप्पणी के बाद FIR की मांग     |     दिवाली के पटाखों का शोर न बन जाए बहरेपन की वजह, एम्स के विशेषज्ञों ने जारी की जरूरी गाइडलाइंस     |     भोपाल और इंदौर मेट्रो में 12 नवंबर से शुरू होगा NCMC कार्ड, सफर पर मिलेगी 25% की भारी छूट     |