बड़ावदा/रतलाम। स्थानीय गोशाला रोड स्थित सीआर ज्वेलर्स का शटर उचाकर चोर लाखों रुपये के जेवर चुराकर ले गए। घटना के समय चार युवक घूमते हुए सीसीसीटी कैमरे में कैद हुए हैं। उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस फुटेज लेकर उनकी पहचान करने के प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात चोर करीब साढ़े तीन बजे चोर चयन तोषनीवाल पुत्र जगदीश तोषनीवाल की दुकान सीआर ज्वेलर्स का शटर उचकाकर अंदर घुसे और जेवर चुराकर भाग निकले। चोरों ने शटर पर गत्ते लगा दिए थे, जिससे पता नहीं चले कि शटर उचका हुआ है, लेकिन गत्ता हवा से उड़ गया। चयन भोपाल गए हुए हैं।
गुरुवार सुबह लोगों ने दुकान का शटर कुछ खुला देखकर चयन तोषनीवाल के काका मनोहर तोषनीवाल को सूचना दी। वे दुकान पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी रेखा चौधरी दल के साथ मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद जावरा एसडीओ शक्तिसिंह चौहान भी पहुंचे और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ दिनेशचंद्र राठी व डाग स्क्वाड को भी बुलाया गया।
दुकान में फैले सामान से पुलिस ने फिंगर प्रिंट व फुट प्रिंट लिए। दुकान संचालक चयन तोषनीवाल ने बताया कि चोर ढाई से तीन लाख रुपये के जेवर चुराकर ले गए हैं। पहले भी नगर में कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी है। नागरिकों ने रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रावटी में चोर आटो गैरेज व वेल्डिंग की दुकान से आइल के डिब्बे, वेल्डिंग मशीन व अन्य सामान चुराकर ले गए। फरियादी दुकानदार अंतिम कटारिया ने बुधवार को रावटी थाना में रिपोर्ट की है कि वे रतलाम रोड रावटी में उन्होंने पंकज जाट की दुकान किराये ले रखी है। वहां वे और भाई आशीष कटारिया आटो गैरेज व वेल्डिंग की दुकान संचालित करते हैं। 27 व 28 दिसंबर 2023 की दरमियानी रात चोर ताला तोड़कर दुकान में घुसे और वेल्डिंग मशीन, करीब 19 हजार रुपये कीमत के आइल के डिब्बे व दो पेटी, टेबल पंखा, एक ग्राइंडर, वाहन का लाक चाबी सेट सहित आदि चुराकर ले गए।पुलिस जांच कर रही है।