गुना: कोहरे का कोहराम, नेशनल हाइवे पर आपस में टकराए 7 ट्रक, आरोन में खड़े ट्रक में जा घुसी वैन, 4 घायल
गुना: रविवार को गुना में घने कोहरे की वजह से दो सड़क हादसे हुए हैं। पहला घटना नेशनल हाइवे पर आवन-जंजाली रोड पर हुई। यहां कोहरे का असर इतना ज्यादा था कि 7 ट्रक आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे आगे जा रहे ट्रक ने ब्रेक लगाए, जिसके चलते पीछे वाले ट्रक चालकों को कुछ नजर नहीं आया और देखते ही देखते 7 ट्रक आपस में टकरा गए।
हालांकि कोहरे छाया होने की वजह से सभी ट्रक चालक धीमी रफ्तार में चल रहे थे, इसलिए बड़ा हादसा टल गया और किसी को भी चोट लगने की जानकारी नहीं है। दूसरा हादसा आरोन कस्बे में हुआ। यहां के बूढ़े डोंगर गांव के पास एक वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकरा गई
बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में 4 लोग घायल हुए हैं। जिन्होंने आरोन सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया और रवाना हो गए। वैन चालक के मुताबिक कोहरे की वजह से ट्रक नजर नहीं आया।