इंडिया’ गठबंधन की बैठक टली, इन दिग्गज नेताओं ने शामिल होने से किया इनकार

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, विधानसभा चुनाव नतीजों में कांग्रेस की करारी हार के बाद इंडिया गठबंधन की बैठक छह दिसंबर को तय हुई थी, लेकिन अब यह बैठक स्थगित कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया था।

दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होगी बैठक
अब ‘इंडिया’ गठबंधन के संसदीय दल के नेताओं की समन्वय बैठक 6 दिसंबर 2023 को शाम छह बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के आवास पर होगी। इसके बाद पार्टी अध्यक्षों/ प्रमुख नेताओं की बैठक दिसंबर के तीसरे सप्ताह में सभी के लिए सुविधाजनक तिथि को निर्धारित की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय के संबद्ध और कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य गुरदीप सप्पल ने इस बात की जानकारी दी है।

क्यों स्थगित हुई मीटिंग
सूत्रों का कहना है, ‘‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक के नेता एमके स्टालिन चक्रवात के कारण पैदा हुए हालात के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सकते थे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार में वैवाहिक कार्यक्रम है। ऐसे में आगे की तिथि के लिए बैठक को स्थगित किया गया है।”

हार के बाद खड़े हुए कई सवाल 
यह बैठक ऐसे समय होने वाली थी जब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने तेलंगाना में जीत दर्ज की है। बैठक स्थगित होने से पहले, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने मंगलवार को कहा था कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का बुधवार को दिल्ली में होने वाली विपक्ष की बैठक में जाने का कोई कार्यक्रम नहीं है। चुनावी हार के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन के कुछ घटक दलों ने कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में ‘‘इंडिया” गठबंधन के साझेदारों के साथ कोई तालमेल नहीं कर अकेले चुनाव लड़कर गलती की।

कांग्रेस की रणनीति सही नहीं थी- ममता बनर्जी
सीएम ममता बनर्जी ने बैठक में शामिल होने से इनकार करते हुए कहा कि मुझे इंडिया गठबंधन की बैठक के बारे में कोई जानकारी नहीं है। किसी ने भी मुझे बैठक के बारे में नहीं बताया और ना ही इस संबंध में मुझे कॉल कर सूचित किया गया है। दरअसल, गठबंधन में शामिल पार्टियों ने पिछले कई मीटिंग में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस से चर्चा की, लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया। तीन राज्यों में मिली हार के बाद टीएमसी नेता और सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस की चुनाव में रणनीति ही सही नहीं थी।

अभी तक हुईं हैं तीन बैठकें
अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है। ‘इंडिया’ गठबंधन की अब तक तीन बैठक पटना, बेंगलुरु और मुंबई में हो चुकी हैं। गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की पिछले दिनों मुंबई में हुई बैठक में गठबंधन के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए 14 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया था। समन्वय समिति विपक्षी गठबंधन की शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्था के रूप में कार्य करेगी।

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

मध्य प्रदेश में मानवता शर्मसार, जुए के लिए पैसे न देने पर नाती ने की 75 वर्षीय नानी की पीट-पीटकर हत्या     |     मध्य प्रदेश के डिंडौरी में दिल दहला देने वाला हादसा, रसगुल्ला बताकर खिलाया सुअरमार बम— जबड़ा उड़ने से युवक की मौत     |     देवास एसएचओ दिलीप पुरी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी की निशानदेही से 35 लाख बरामद     |     इंदौर सड़क हादसे में मृतक आईटी प्रोफेशनल के परिवार को मिला 3.20 करोड़ का भारी-भरकम मुआवजा, अदालत का बड़ा फैसला     |     ‘डांट से सटक गया था दिमाग’, पूर्व आईएएस अधिकारी की हत्या करने वाले केयरटेकर ने खोले कई राज     |     पिता की मौत के सदमे ने ली बेटे की जान, भोपाल में पानी की टंकी से कूदकर युवक ने दी जान     |     गांधीसागर में देश की पहली अनोखी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना, 11500 करोड़ की लागत से युवाओं को मिलेगा रोजगार     |     मध्य प्रदेश: दिव्यांग अखबार विक्रेता राधे बाथम के संघर्ष को देख पसीजा एमपीका अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया का दिल, भेंट की इलेक्ट्रिक स्कूटी     |     दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों की डकैती, कटनी के मशहूर ज्वेलरी शोरूम में चोरों ने बोला धावा     |     सफाई के मामले में नंबर-1 ताज गंवाने वाले इंदौर में क्यों फिसला सिस्टम, सामने आए ये 5 बड़े कारण     |