ओडिशा के क्योंझर जिले में एक महिला ने पारिवारिक विवाद को लेकर कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी और अपने घर में शव के साथ तीन दिन बिताए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह कथित हत्या रविवार रात क्योंझर शहर थाने के अंतर्गत कोडिपासा गांव में हुई लेकिन यह मामला बुधवार को तब सामने आया जब स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस उनके गांव पहुंची।
क्योंझर शहर थाने के प्रभारी निरीक्षक सुनील कर के मुताबिक इस घटना के सिलसिले में सुनीता जुआंगा को गिरफ्तार किया गया है और उसके पति के शव को बरामद कर लिया गया है। सुनील कर ने बताया कि आदिवासी महिला सुनीत पिछले तीन दिन से अपने चार बच्चों के साथ घर में पति की लाश के साथ रह रही थी।
उन्होंने बताया कि सुनीता ने कबूल किया है कि उसने लोहे की किसी चीज से पीट-पीटकर अपने पति तुरा की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक तुरा को शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता था और गाली-गलौज करता था। पुलिस ने इस सिलसिले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
यह घटना क्योंझर शहर थानान्तर्गत गांव कोडिपासा गांव की है। रविवार रात को हुई इस कथित हत्या का खुलासा गांववालों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार को किया। क्योंझर टाउन पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी सुनील कर ने कहा कि आरोपित सुनीता जुआंगा को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को भी जब्त कर लिया गया है।