मोहब्बत की दुकान चलाने वाले जनता को राक्षस मानते हैं : शिवराज, सुरजेवाला बोले- युवाओं के भविष्य पर बुलडोजर चलाने वाले देवता नहीं…
भोपाल: कांग्रेस महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के भारतीय जनता पार्टी के मतदाताओं पर दिए कथित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि इस बयान के संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी क्या मानते हैं और क्या मोहब्बत की दुकान चलाने वाले जनता को राक्षस मानते हैं।
चौहान ने अपने बयान में कहा कि भाजपा के मतदाताओं को कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि जनता राक्षस है। क्या भाजपा को वोट देने वाले राक्षस हैं। इस संबंध में सोनिया गांधी और राहुल गांधी क्या मानते हैं। क्या वे पूरी जनता को राक्षस मानते हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को भगवान मानती है। उन्होंने स्वयं के संदर्भ में कहा कि वे हमेशा कहते हैं कि मध्यप्रदेश उनके लिए मंदिर है, उसमें रहने वाली जनता भगवान है और वे उनके पुजारी हैं। उन्होंने कांग्रेस के संदर्भ में कहा कि वे स्वयं को भगवान मानते हैं, श्राप दे रहे हैं, क्या यही मोहब्बत की दुकान है।
युवाओं के भविष्य पर ‘बुलडोजर चलाने वाले ‘असुर’ नहीं तो क्या देवता हैं : सुरजेवाला
वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान के इस बयान पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य पर ‘बुलडोजर चलाने वाले’ लोग ‘असुर’ नहीं तो क्या देवता हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बात को तिल का ताड़ बनाया गया है और वह ‘गीदड़ भभकियों’ से डरने वाले नहीं हैं तथा जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे।
बता दें कि सुरजेवाला ने रविवार को हरियाणा के कैथल में एक सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के वोटर्स को राक्षस कहा था। उन्होंने युवाओं को सरकारी भर्ती में कथित तौर पर अवसर नहीं मिलने का उल्लेख किया था और कहा था, ‘‘युवाओं के भविष्य को मनोहर लाल खट्टर और दुष्यंत चौटाला मंडी में बोली लाकर बेच रहे हैं…नौकरी मत दो, मौका तो दो। भाजपा, जजपा के राक्षसों, तुम लोग राक्षस हो। जो लोग भाजपा और जजपा को वोट देते हैं और भाजपा समर्थक हैं, वे राक्षस प्रवृत्ति के हैं। मैं महाभारत की इस भूमि से आज उन्हें श्राप देता हूं।”