रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 से पहले जेसीसीजे यानी जोगी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। बलौदाबाजार विधायक प्रमोद शर्मा ने जेसीसीजे यानी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से इस्तीफा दे दिया है। जेसीसीजे प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी से लंबे समय से जारी मतभेद के बीच उन्होंने अपना इस्तीफा रेणु जोगी को भेज दिया है।
आपको बता दे कि इससे पहले लोरमी से विधायक धर्मजीत सिंह को जोगी कांग्रेस से निलंबित किया गया था। तब जेसीसीजे विधायक प्रमोद शर्मा ने धर्मजीत सिंह का साथ दिया था। उन्होंने सरे आम मीडिया में बयान दिया था कि अगर पार्टी मुझे निकालना चाहती है तो निकाल दे, लेकिन मैं पूरे तरीके से धर्मजीत सिंह के साथ हूं। इस घटना के बाद से प्रमोद शर्मा और अमित जोगी के बीच रिश्तों में खटास की खबरें आ रही थी और दोनों में तभी से मनमुटाव हो गया था। धर्मजीत सिंह को पार्टी से निकालने जाने पर प्रमोद शर्मा ने अमित जोगी पर निशाना भी साधा था। उन्होंने कहा था कि “अमित जोगी बाथरूम में बैठकर इस तरह का डिसीजन लेते हैं, जो नाजायज और गलत है।” इसके बाद से अमित जोगी और प्रमोद शर्मा के बीच में तनतनी बनी हुई थी।
जेसीसी विधायक प्रमोद शर्मा की पार्टी छोड़ने की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। सूत्रों के अनुसार जेसीसी विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह और शर्मा दोनों ही पार्टी छोड़ने की तैयारी में थे। इस बीच पार्टी ने धर्मजीत सिंह पर कार्यवाही करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। इसकी वजह से मामला टल गया। बताते चले कि 2018 के चुनाव में जेसीसी के पांच विधायक चुने गए थे। इनमें जोगी दंपत्ति के अलावा धर्मजीत सिंह, देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जोगी और देवव्रत सिंह का निधन हो गया है। ऐसे में डॉ. रेणु जोगी सहित पार्टी के तीन ही विधायक बचे हैं।