प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा : गैस टैंकर की चपेट में आने से टेंपो सवार 12 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक
प्रतापगढ़: जिला मुख्यालय से करीब पंद्रह किलोमीटर दूर थाना लीलापुर क्षेत्र में सोमवार को अपराह्न एक अनियंत्रित गैस टैंकर के सवारियों से भरे टेम्पो पर पलट जाने से अब तक चार महिलाओं सहित 12 लोगों की मौत हो चुकी है और सात अन्य घायल हो गये।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) रोहित मिश्रा ने सोमवार को बताया कि आज अपराह्न वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर मोहनगंज के निकट विक्रमपुर मोड़ पर एक अनियंत्रित गैस टैंकर के सवारियों से भरे टेम्पो पर पलट गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों नें किसी तरह गंभीर रूप से घायलों को निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को तत्काल उपचार हेतु मेडिकल कालेज ले गयी, जहां चिकित्सकों ने 35 से 40 वर्ष उम्र की तीन महिलाओं, 12 वर्षीय एक किशोरी और 30 से 45 वर्ष उम्र के पांच पुरुष सहित कुल नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
मिश्रा ने बताया कि इनके अलावा विमला (38), अकबाल बहादुर सिंह (55) व पांच अन्य (जिनकी पहचान नहीं हो सकी) समेत कुल सात लोगों को गंभीर स्थिति में प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के शिकार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
CM योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया
हादसे पर उत्तरप्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। डीएम प्रकाश चंद्र का कहना है- टैंकर के स्टीयरिंग में कुछ टेक्निकल प्रॉब्लम आने के कारण बैलेंस बिगड़ गया, जिससे वह टैंपो से टकराने के बाद उसी पर पलट गया। इससे ज्यादातर लोग उसके नीचे दब गए और कुछ छिटक कर बाहर गिरे।
हादसे में मरने वालों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। टैंकर रायबरेली से गैस लेकर आ रहा था। टैंकर में रिसाव होने से ट्रैफिक रोक दिया गया है। टेक्निकल टीम को मौके पर बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौजूद हैं। मरने वाले 9 लोगों में 4 मृतकों की पहचान हो गई है। मरने वालों में अकबाल बहादुर सिंह (40), सतीश (35), विमला (38) और सतीश (40) शामिल हैं। ये सब प्रतापगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।