सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी युवक पर पेशाब करने के आरोपित भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को कलेक्टर ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून(एनएसए) की कार्रवाई की। पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर उसे केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया है। इसके बाद प्रशासन ने उसके अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
पुलिस आरोपित को लेकर जब रात में थाने पहुंची तो पहले से मौजूद मां और पिता रोने लगे। आरोपित के पिता रमाकांत शुक्ला ने कहा कि यदि लड़के ने गलती की है तो उसे फांसी दे दी जाए पर हम लोगों को बेघर न किया जाए। बुधवार सुबह राजस्व अमला आरोपित के कुबरी स्थित मकान पर पहुंच गया। अवैध रूप से बनाए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाकर धराशायी कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मां हेमलता बेहोश हो गई।
घटना के समय नशे में था
आरोपित ने स्वीकारा कि नशे की हालत में उसने युवक के ऊपर पेशाब की थी। हालांकि एक दिन पहले तक वह घटना से इन्कार कर रहा था। वहीं, पुलिस ने वीडियो बनाने वाले दीनदयाल साहू और प्रसारित करने वाले आदर्श शुक्ला के विरुद्ध आइटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। घटना को डेढ़ साल पुराना बताते हुए वीडियो व पेन ड्राइव जब्त की है। पुलिस के अनुसार वीडियो को फारेंसिक जांच के लिए भी भेजा जाएगा।
पल्ला झाड़ रही भाजपा
आरोपित प्रवेश शुक्ला करीब सात साल पहले भाजपा युवा मोर्चा का पदाधिकारी रह चुका है। सितंबर 2021 में उसने मोर्चा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से वह खुद को विधायक प्रतिनिधि बताता था। पोस्टर- बैनर में इसी पद नाम से वह प्रचारित किया जाता रहा है। हालांकि विधायक केदारनाथ शुक्ला उसके विधायक प्रतिनिधि होने से इन्कार कर रहे हैं। इधर भाजपा जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह ने कहा कि आरोपित का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। वह भाजपा का पदाधिकारी नहीं है। पहले किस पद पर कहां था, इसके बारे में मुझे नहीं पता।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित को सपरिवार बुलाया सीएम हाउस
सीधी में भाजपा नेता द्वारा आदिवासी युवक के ऊपर लघुशंका की घटना के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया और घटना पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने पीड़ित को सपरिवार भोपाल में मुख्यमंत्री निवास बुलाया है जहां, गुरुवार को वे उनसे मुलाकात कर परिवार को ढांढस बांधेंगे।
कई कांग्रेस नेता पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए विरोध पर आ गए हैं। पूर्व मंत्री व विधायक कमलेश्वर पटेल पीड़ित को 48 घंटे कस्टडी में रखने के खिलाफ दिन भर धरने पर बैठे रहे वहीं शाम को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल पीड़ित के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाते हुए धरने में बैठे।
पता चला है कि 4 वर्ष बाद वायरल किया गया पेशाब कांड का वीडियो। पिता का आरोप है कि साजिश करने वाले 4 लाख रुपये मांग रहे थे। परिवार के लोगों पर ही फंसाने का आरोप लगाया जा रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि दीनदयाल साहू ने वीडियो बनाया था। इसकी कोर्ट में पेशी होगी। वीडियो बनाने और वायरल करने वाले पर भी कार्रवाई होगी। पेन ड्राइव पुलिस ने जब्त कर लिया है। जिला दंडाधिकारी द्वारा प्रवेश पर एनएसए लगाने का आदेश भी जारी कर दिया गया है।
भाजपा ने घटना की जांच के लिए बनाई समिति
सीधी में हुई घृणित घटना की जांच के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा ने राज्य कोल जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल के संयोजकत्व में 4 सदस्यीय समिति का गठन किया।