कलेक्टर श्री कन्याल ने वार्ड क्रमांक 7 एवं 8 का निरीक्षण कर स्वच्छता की स्थिति देखी महूपुरा पुलिया की डीपीआर बनाने के निर्देश दिये पेयजल की टंकी को 15 अगस्त तक चालू करें
शाजापुर, 05 जुलाई 2023/ “हमारा शाजापुर-स्वच्छ शाजापुर” अभियान में आज कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने नगर के वार्ड क्रमांक 7 एवं 8 का निरीक्षण कर स्वच्छता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वार्ड के नागरिकों से स्वच्छता रखने का अनुरोध करते हुए उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने वार्ड में बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर इंजीनियर को टेस्टिंग के संबंध में निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने नगरपालिका सीएमओ श्री धीरज शर्मा को नगर पालिका परिषद में प्रस्ताव लेकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में बनने वाली खाद का मूल्य निर्धारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में एकत्रित होने वाले सोलिड वेस्ट मटेरियल को इकट्ठा करने के लिए स्थान चिन्हांकित करने लिए भी कहा। इस दौरान उन्होंने पशुपालन विभाग एवं नगरपालिका के अधिकारी को घायल एवं आवारा कुत्तों के लिए डॉग हाऊस बनाने के निर्देश दिये। इसके उपरांत कलेक्टर श्री कन्याल ने ट्रेंचिंग ग्राउण्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी को बंद पड़ी कम्पोस्टिंग यूनिट एवं खाद निर्माण मशीनों को दो दिवस में चालू कर उस पर टीन शेड लगाने के निर्देश दिये। साथ ही नगरपालिका परिषद के माध्यम से प्लास्टिक की बॉटल के कचरे सहित अन्य कचरे युक्त सामग्रियों का मूल्य निर्धारित करने, ट्रेंचिंग ग्राउंड की साफ-सफाई करने एवं सीएनडी प्लांट को सुचारू रूप से संचालित करने, वार्ड के नागरिकों की मांग पर ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास निर्मित पेयजल की टंकी को 15 अगस्त 2023 तक चालू कराने एवं वार्ड क्रमांक 07 में रखें डस्टबीन की समय-समय पर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ को निर्देश दिये कि ट्रेंचिंग ग्राउण्ड पर एकत्रित कचरे में यदि कोई व्यक्ति आग लगाते हुए पाया जाता है तो संबंधित पर एफआईआर दर्ज कराएं एवं नगर में कहीं भी गुटका-पाउच खाकर यहां-वहां थूकने एवं गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माने की कार्रवाई करें।

कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 08 में बादशाही रोड पर पड़े कचरे के ढेर एवं जामा मस्जिद के समीप हो रहे कचरे के ढेर को हटवाकर साफ-सफाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। कलेक्टर ने चीलर नदी की साफ-सफाई कर जलकुंभी हटाने एवं महूपुरा पुलिया की डीपीआर बनाने के निर्देश नगरपालिका अधिकारी को दिये।

इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ श्री धीरज शर्मा, वार्ड क्रमांक 08 पार्षद श्री अजीज मंसूरी, वार्ड क्रमांक 07 पार्षद प्रतिनिधि श्री लाली पटेल, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमलेश महिवाल, पशुपालन विभाग श्री श्याम श्रीवास्तव, सहायक यंत्री श्री सुरेन्द्र सोजातिया, श्री हितेन्द्र ठाकुर एवं उपयंत्री सहित जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।