देहरादून: झारखंड शिक्षा बोर्ड ने 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट जरी कर दिया है। जारी रिजल्ट के अनुसार एक बार फिर 10वीं बोर्ड में बेटियों ने बाजी मारी है। 12वीं बोर्ड के विज्ञान संकाय में किसान की बेटी पम्मी कुमारी ने टॉप किया है। उन्होंने 88.40 फीसदी अंक लाकर जिला टॉप किया है। जबकि संत इग्नाशियुस इंटर कॉलेज की छात्रा पम्मी को गणित में 95, केमिस्ट्री में 88, कंप्यूटर साइंस में 88, अंग्रेजी में 87 और फिजिक्स में 84 अंक प्राप्त हुए हैं।
छात्रा पम्मी कुमारी गुमला के चौली गांव में अपने पूरे परिवार के साथ रहती हैं। जबकि प्राइमरी शिक्षा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सिलाफारी और मैट्रिक की परीक्षा सीताराम साव विद्या मंदिर भरनो से 95.60 फीसदी लाकर पास की थी। वहीं, 12वीं का परिणाम आने के बाद से घर मोहल्ले और विद्यालय में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
पम्मी कुमारी ने बताया कि मैं रोजाना लगभग 5 घंटे पढ़ाई करती थी। मेरी पढ़ाई की तकनीक है कि मैं पढ़ाई को बोझ नहीं समझती बल्कि इंजॉय करती हूं। छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि नियमित पढ़ाई करें। अध्ययन करते समय बीच में थोड़ी देर का ब्रेक लें। एनसीईआरटी बुक को आधार बनाकर पढ़ें. साथ में सैंपल पेपर और प्रीवियस पेपर से अभ्यास करें।
बता दें कि पम्मी के पिता हीरू साहू किसान हैं और मां भगवती देवी गृहिणी हैं। पम्मी ने कहा कि मुझे अपने माता-पिता व शिक्षकों से पढ़ाई करने की प्रेरणा मिली। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को देना चाहूंगी।