कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के आज नतीजे आ रहे हैं। 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। कर्नाटक में बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनाने के लिए पहला कदम आगे बढ़ा दिया है। कांग्रेस पार्टी ने अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। रविवार को चुने गए सभी विधायकों को राजधानी बेंगलुरू में बुलाया गया है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में ही इस बात का निर्णय लिया जाएगा कि कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री कौन होने वाला है। सभी विधायक मिलकर राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाएंगे। इसके बाद विधायकों का फैसला हाईकमान तक जाएगा।
सीएम के सवाल पर मल्लिकाअर्जुन खड़गे ने कहा कि अंतिम फैसला हाईकमान करेगा। जब उनसे पूछा गया कि आप ही तो अध्यक्ष हो तो फिर हाईकमान कौन, उन्होंने कहा कि हाईकमान से मतलब सामूहिक नेतृत्व से हैं जिसमें सोनिया गांधी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हैं।
बता दें कि रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, कांग्रेस 130, भाजपा 66, जेडीएस 22 और अन्य 6 सीटों पर आगे चल रही है। यानी कांग्रेस बहुमत 113 के आंकड़े से 17 सीट ज्यादा। कांग्रेस को 42.8%, भाजपा को 36.1% और जेडीएस को 13.2% वोट मिलते दिख रहे हैं।