छतरपुर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता को चुनाव आने पर ही तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती, हमारा कार्यकर्ता प्रतिदिन जनता की सेवा और संगठन के विस्तार का काम करता रहता है, इसलिए आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी और ताकतवर पार्टी है। भाजपा ही वह पार्टी है जो 24 घंटे चुनाव के लिए तैयार रहती है। क्योंकि हमारे कार्यकर्ता ने प्रत्येक बूथ को पार्टी का शक्ति केन्द्र बना दिया है। यह बात मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया (mahendra singh sisodia) ने शुक्रवार को छतरपुर जिले के अल्पप्रवास के दौरान कही।
सिसौदिया 24 अप्रैल को रीवा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक दिन पूर्व ही वहां पहुंच रहे हैं। रीवा जाते समय उन्होंने छतरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्थानीय नेताओं से मुलाकात की। इस मौके पर वे भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने संगठन के नेताओं के साथ चर्चा करते हुए 2023 के चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
छतरपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री सिसौदिया ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं महाकाल प्रभु से यह कामना करता हूं कि जिस आदमी ने कांग्रेस का बंटाधार किया। मध्यप्रदेश का बंटाधार किया वह आदमी अगले जनम पाकिस्तान में पैदा हो।
बता दें कि दिग्विजय सिंह ने उज्जैन दौरे के बीच मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के लिए कहा था कि महाकाल से प्रार्थना है कि कांग्रेस में कोई दूसरा सिंधिया पैदा न हो। दिग्विजय के इसी बयान पर पलटवार करते हुए सिंधिया खेमे के नेता महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने उन्हें यह जवाब दिया है।
●पंचायतों में बजट नहीं, ठप्प पड़े विकास कार्य
जिले के दौरे पर आए पंचायत मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया से सवाल किया गया कि आखिर पंचायतों में विकास कार्य ठप्प क्यों पड़े हैं? पंचायत में लोकतंत्र की पहली इकाई के रूप में काम करने वाले सरपंच क्षेत्र में विकास कार्य न होने के कारण परेशान क्यों? इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि 15 माह की कमलनाथ सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार की कई जांचें चल रही हैं। जल्द ही पंचायतों को प्रभावी बजट दिया जाएगा। हो सकता है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधानसभा चुनाव के पहले ही सरपंचों की लॉटरी खोल दें।
●पंचायत सचिवों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन
जिले के दौरे पर आए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया की जानकारी लगते ही मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें भाजपा कार्यालय के बाहर अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। पंचायत सचिव संगठन ने अपने ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें पंचायत सचिव का विभाग में संविलियन किए जाने, छठवें वेतनमान की गणना नियुक्ति दिनांक से किए जाने, 2018 से एरियर सहित 7वां वेतनमान दिए जाने, अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश का सरलीकरण कर 100 प्रतिशत नियुक्तियां व सहायक सचिवों का जिला संविलियन कर निश्चित वेतनमान दिए जाने की मांग उठाई।