लाड़ली बहना योजना 2023 के क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण दिया, पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष टैगोर ने किया संबोधित
शाजापुर, 13 मार्च 2023/ कलेक्टर श्री दिनेश जैन के निर्देशानुसार महिला बाल विकास विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, एवं नगरी निकाय द्वारा संयुक्त रूप से लाडली बहना योजना के संबंध में ब्लॉक शाजापुर के पटवारी, वार्ड प्रभारी नगर पालिका, सचिव ग्राम रोजगार सहायक, पर्यवेक्षक व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण गांधी हाल में आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संतोष टैगोर द्वारा लाड़ली बहना योजना 2023 के क्रियान्वयन के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले को एकजुट होकर कार्य करने तथा पात्र महिलाओं का चिन्हांकन, महिलाओं का आधार के.वाय.सी, समग्र के.वाय.सी, इत्यादि कार्यों को मिलकर करने के बारे में निर्देश दिए गए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री नीलम चौहान ने लाड़ली बहना योजना 2023 के क्रियान्वयन के लिए योजना के आवेदन प्राप्त करने की तिथि से पूर्व मैदानी अमले को संभावित पात्र महिलाओं की समग्र आई.डी एवं आधार की के.वाय.सी करवाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान ई दक्ष केंद्र जिला प्रशिक्षक श्री प्रकाश गिरी गोस्वामी द्वारा पीपीटी के माध्यम से लाड़ली बहना योजना-2023 के बारे में दिशा-निर्देश, योजना के तहत आवेदन प्राप्त करने से पूर्व तथा पश्चात अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया। परिवीक्षा अधिकारी श्री बी.के गुप्ता द्वारा योजना के संबंध में प्रतिभागियों की जिज्ञासा एवं प्रश्नों का समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी शाजापुर सुश्री नेहा चौहान द्वारा संचालन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.एल वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से श्री फैज़ल अली जाफरी, नगर पालिका की ओर से श्री विजेंद्र गोस्वामी उपस्थित थे।

