सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें- कलेक्टर श्री जैन समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिये निर्देश
शाजापुर, 12 दिसम्बर 2022/ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सभी विभाग जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाए और जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभांवित करें। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत बनाई जा रही संरचनाओं का भी निरीक्षण समय-समय पर करें और सुनिश्चित करें कि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो और इसका लाभ आम जनता को मिलना शुरू हो जाए। कलेक्टर ने कहा कि देखने में आ रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई वर्ष पुराने अधूरे निर्मित भवन हैं। अधूरे निर्माण के कारण इनका उपयोग भी नहीं हो रहा है। अत: शासन के धन का सदुपयोग सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग निर्माण कार्य समय पर पूरा कराएं और अधूरे निर्माण कार्यों को भी उपयोग योग्य बनाएं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-समय पर मैदानी क्षेत्र का भ्रमण करने और इसकी रिपोर्ट भी देने के निर्देश दिये। साथ ही अधिनस्थ अधिकारियों से भी समय-समय पर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करवाएं। स्वास्थ्य एवं महिला व बाल विकास विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ियों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कराएं तथा इसकी रिपोर्ट भी दें। वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की पहल पर स्वास्थ विभाग द्वारा बुजुर्गों के किए गए स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट भी स्वास्थ्य विभाग जिला प्रशासन को दें। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतें देखें कि उनके क्षेत्र में खोदे गए नलकूप खुले तो नहीं हैं। यदि नलकूप खुले हैं तो उन्हें नलकूप मालिक से तत्काल बंद करवाएं। साथ ही नलकूप मालिको को बताएं कि खुले नलकूप पाए जाने पर उनके विरूद्ध कार्रवाई हो सकती है। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव अपने क्षेत्र में देखें कि सड़क या आवासीय बस्ती के किनारे गहरे गढ्डे तो नहीं है जिनसे दुर्घटना की आशंका हो। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हेलिपेड निर्माण के लिए स्थल चिंहित करके रखें। जिला संयोजक को कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों को दूर करने के निर्देश दिये। विभिन्न विद्यालयों में खेल विभाग द्वारा दिये गये व्यायाम के उपकरणों को विद्यार्थियों के उपयोगी बनाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। अनुपयोगी उपकरणों को अन्य विद्यालयों में भेजने के लिए भी कलेक्टर ने कहा।
14 दिसम्बर को शुजालपुर में होने वाले सामुहिक विवाह सम्मेलन के लिए कलेक्टर ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को अपने-अपने कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने अन्य जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सामुहिक विवाह सम्मेलनों का आयोजन करें। इन विवाह सम्मेलनों में शहरी क्षेत्र के लोगों को भी शामिल करें।
21 दिसम्बर को मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत होने वाले समारोह की तैयारी के लिए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सभी विभागों से कहा कि अभियान के दौरान चयनित किये गये हितग्राहियों को समारोह स्थल पर लाने तथा उन्हें स्वीकृति पत्र प्रदान करने की कार्रवाई पूर्ण करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।
सैनिकों के कल्याण के लिए सहयोग राशि भेंट करने वालों के प्रति आभार
कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने सशस्त सेना झंडा दिवस 07 दिसम्बर 2022 के अवसर पर विभिन्न संस्थाओं एवं नागरिकों द्वारा दी गई सहयोग राशि के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने उन बच्चों के लिए भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी गुल्लक की राशि सहयोग के रूप में सेना के लिए प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव, अनुविभागीय अधिकारी श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।