रायपुर। रायपुर के एक सरकारी अफसर के घर चोरी हो गई। रिटायर्ड कर्मचारी परिवार के साथ कुछ दिनों के लिए बाहर गए हुए थे। जब लौटे तो इस कांड का पता चला। चोरों ने न सिर्फ इनके घर में धावा बोला बल्कि छुपाकर रखे एक खूफिया सूटकेस को भी पारकर दिया। कर्मचारी ने इसी सूटकेस में अपनी बचत को रखा था।मामला शहर के मोवा इलाके का है। यहां दूबे कॉलोनी में अपने परिवार के साथ एन माहेश्वरी रहते हैं। सहायक परियोजना अधिकारी के पद से मई के महीने में रिटायर हुए हैं। बेटे की शादी के लिए उन्होंने एक पेटी के अंदर सूटकेस छुपाकर उसमें 3 लाख रुपए रखे थे।पिछले महीने माहेश्वरी परिवार के साथ अपने मूल गांव अडसेना चले गए। वहां पुश्तैनी घर में त्योहार मनाया और वहीं रुक गए। अब जब लौटे तो पेटी खोलकर गर्म कपड़े निकालने लगे और देखा कि पेटी का ताला टूटा है। अंदर रखा लाखांे रुपयों से भरा सूटकेस भी गायब है। पंडरी थाने में जाकर माहेश्वरी ने अब इस मामले की शिकायत की है। पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वालों को तलाश रही है।युवक से लूट भी हुईबीरगांव में रहने वाले कृष्णा शर्मा नाम के युवक को बीती रात कुछ बदमाशों ने लूट लिया। रात के वक्त पेट्रोल पंप के पास रुकते ही इसे दो लड़कों ने घेरा। वो इससे पैसे मांगने लगे। कृष्णा के साथ मारपीट की। पेचकश पेट में टिकाकर हत्या कर देने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने युवक के पेट और सिर पर हमला कर दिया। कृष्णा का मोबाइल लूटकर बदमाश भाग गए। घायल कृष्णा अस्पताल गया अब पुलिस से इसने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।