‘माताजी इतना सोना क्यों पहना है…’: बातों के जाल में फंसाकर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहने ठगे, बदमाशों का नया पैंतरा

 मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा खितौला में जालसाजों और लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े ठगी के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं. ताजा मामले में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का झांसा देकर पहले बातों के जाल में फंसाया. फिर उसके लाखों रुपये के सोने के जेवर लूट लिए और रफूचक्कर हो गए. यह पूरी वारदात इलाके में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है.

दरअसल, ये पूरी घटना खितौला थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास की है. यहां रहने वाली 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला, लक्ष्मी पटेल अपने घर के बाहर मवेशियों की साफ-सफाई का कचरा फेंकने जा रही थी. तभी एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठा युवक चेहरे पर मास्क लगाए हुए था. बदमाशों ने पहले तो महिला को रोककर किसी अनजान पते के बारे में पूछताछ की. महिला जैसे ही उन्हें रास्ता बताने लगी, बदमाशों ने बड़ी ही शातिरता से उसे डराना शुरू कर दिया.

बदमाशों ने महिला से सहानुभूति जताते हुए कहा- माता जी, आजकल जमाना बहुत खराब है, आपने इतना सोना क्यों पहन रखा है. इसे उतारकर संभाल लीजिए वरना कोई लूट लेगा. लुटेरों की बातों में आकर बुजुर्ग महिला घबरा गई और सुरक्षा के लिहाज से अपना मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी उतार दी. जैसे ही महिला ने गहने हाथ में लिए, बदमाशों ने अपनी अगली चाल चली. उन्होंने महिला के जेवरों को देखते हुए कहा, ये तो नकली लग रहे हैं, जरा दिखाओ. महिला जैसे ही उन्हें सफाई देने लगी और गहने दिखाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, बाइक स्टार्ट कर रहे बदमाशों ने पलक झपकते ही जेवर झपटे और तेजी से फरार हो गए. महिला जब तक कुछ समझ पाती और शोर मचाती आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे.

गहनों की कीमत लाखों में

बताया जा रहा है कि छीने गए सोने के मंगलसूत्र और अंगूठी की कीमत लाखों रुपये है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सिहोरा और खितौला क्षेत्र के निवासियों में दहशत का माहौल है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं.

आरोपियों की पहचान की जा रही

सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली है. 1 मिनट 47 सेकंड के एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपियों ने महिला को बातों में उलझाया और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने बताया- हमने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों का हुलिया और बाइक की पहचान की जा रही है. पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय कर दी गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

पिता की मौत के सदमे ने ली बेटे की जान, भोपाल में पानी की टंकी से कूदकर युवक ने दी जान     |     गांधीसागर में देश की पहली अनोखी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना, 11500 करोड़ की लागत से युवाओं को मिलेगा रोजगार     |     मध्य प्रदेश: दिव्यांग अखबार विक्रेता राधे बाथम के संघर्ष को देख पसीजा एमपीका अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया का दिल, भेंट की इलेक्ट्रिक स्कूटी     |     दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों की डकैती, कटनी के मशहूर ज्वेलरी शोरूम में चोरों ने बोला धावा     |     सफाई के मामले में नंबर-1 ताज गंवाने वाले इंदौर में क्यों फिसला सिस्टम, सामने आए ये 5 बड़े कारण     |     बिहार में मकान या दुकान बनवाना हुआ आसान, कैबिनेट ने दी ‘बिहार भवन उपविधि-2026’ को मंजूरी— 30 दिन में नक्शा पास नहीं तो स्वतः स्वीकृत     |     लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत कल से, जानिए नहाय-खाय से लेकर पारण तक की पूरी तारीख और नियम     |     लग्जरी गाड़ियों का शौकीन और कुख्यात अपराधी निकला स्क्रैप कारोबारी मोनू शर्मा, धनतेरस पर की थी हत्या     |     काव्या मारन की शादी का शेयर बाजार में ‘शगुन’! सन टीवी नेटवर्क्स के शेयरों में उछाल से कंपनी की वैल्यूएशन 585 करोड़ बढ़ी     |     सनराइजर्स हैदराबाद मालकिन काव्या मारन ने संगीतकार अनिरुद्ध संग रचाई शादी, ग्रीस में दिखा रॉयल अंदाज     |