Delhi Weather Update: दिल्ली में बारिश के आसार, राजस्थान में गर्मी; जानें यूपी-बिहार के मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में फरवरी के महीने में ही लोगों को मार्च और अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है. पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ रहने और तेज धूप खिलने के कारण तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. हालांकि, मौसम विभाग (IMD) की जानकारी के अनुसार, दिल्लीवासियों को इस तपती धूप से जल्द ही राहत मिलने वाली है. एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम करवट लेने के लिए तैयार है.

वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 16 फरवरी से 21 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक यानी 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटों के दौरान हवाओं की रफ्तार में तेजी आई है. वर्तमान में 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं के कारण दिन में तेज धूप होने के बावजूद हल्की सिहरन महसूस हो रही है. रात का तापमान अभी भी 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम की ठंड बरकरार है.

17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव

मौसम विभाग और स्काईमेट वेदर के अनुसार, 17 और 18 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. 17 फरवरी को आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. वहीं, 18 फरवरी को दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की प्रबल संभावना है.

बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली गिरावट आएगी, जिससे यह फिर से 28 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर आ जाएगा. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट अल्पकालिक होगी और 19 फरवरी से पारा दोबारा चढ़ना शुरू हो जाएगा.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल

दिल्ली के साथ-साथ उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. उत्तर प्रदेश के आगरा और बुंदेलखंड क्षेत्र में 17-18 फरवरी को हल्की वर्षा और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान में खिलेगी तेज धूप

वहीं, राजस्थान के जयपुर और बीकानेर संभाग में भी 17 फरवरी से मौसम बदलने की उम्मीद है. सोमवार को भी मौसम शुष्क रहने और तेज धूप रहने के आसार हैं. रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी के अलावा अब पूर्वी राजस्थान समेत अन्य दूसरे जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ था.

झारखंड में ठंड ना के बराबर

झारखंड में आज न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की वृद्धि देखने को मिलेगी. क्योंकि 24 घंटे पहले तक न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री तक संभावना जताई गई थी, लेकिन आज यह बढ़कर 12-13 डिग्री के बीच हो गई है. दक्षिणी जिले जैसे जमशेदपुर, सरायकेला, खरसावां यहां पर तो 15 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा सकता है. यानी कि यहां पर ठंड तो रात में ना के बराबर पड़ रही है.

बिहार में भी बदलेगा मौसम

बिहार में मौसम लगातार करवट ले रहा है और 16 फरवरी को भी राज्य के कई हिस्सों में बदलाव देखने को मिल सकता है. फरवरी के दौरान सामान्य तौर पर बारिश कम रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ जगहों पर कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को सुबह-शाम परेशान कर सकती हैं. पटना और आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा तथा ठंडी हवा चलने की संभावना जताई गई है.

पहाड़ों में ऐसा रहेगा मौसम

पहाड़ी राज्यों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों की हवाओं पर पड़ेगा.

स्वास्थ्य और प्रदूषण पर असर

मौसम विभाग ने इस बदलते मौसम के दौरान लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है, क्योंकि तापमान में उतार-चढ़ाव और बारिश के कारण सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां बढ़ सकती हैं. वहीं, बारिश होने से दिल्ली की वायु गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार होने की उम्मीद है, जो वर्तमान में खराब श्रेणी में बनी हुई है.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

झारखंड के चतरा में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ जीजा-साले को दबोचा, कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की थी साजिश     |     रांची में दोस्ती की आड़ में खूनी खेल, शराब के नशे में विवाद के बाद दो दोस्तों ने की तीसरे की हत्या— दोनों गिरफ्तार     |     उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में अनोखा मामला, तख्ती लेकर थाने में सरेंडर करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल     |     बिहार के दरभंगा में 1.40 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, बीजेपी नेता विशाल महासेठ समेत पांच गिरफ्तार     |     केदारनाथ धाम के कपाट छह महीने के लिए शीतकाल हेतु बंद, बाबा की उत्सव डोली उखीमठ के लिए रवाना     |     स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बड़ा समुद्री हादसा, बारूदी सुरंगों से टकराकर तीन तेल टैंकर क्षतिग्रस्त— ईरान और यूएई में हड़कंप     |     भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान, टॉम लैथम संभालेंगे कमान— तीन धुरंधर खिलाड़ियों की वापसी     |     भाई दूज 2026, जानें तिलक लगाने का सबसे शुभ मुहूर्त, सही पूजा विधि और इस पर्व का पौराणिक महत्व     |     रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, छठे दिन फिल्म ने पार किया 800 करोड़ का आंकड़ा     |     दिल्ली के नांगलोई में दर्दनाक हादसा, पार्क में खेल रहा 4 साल का मासूम खुला सीवर में गिरा— रेस्क्यू ऑपरेशन जारी     |