Unnao Road Accident: उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, साइन बोर्ड से टकराई तेज रफ्तार बाइक; 3 युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और पास खड़े लोहे के खंभे व सीमेंट के बोल्डर से टकरा गए. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. घटना पुरवा थाना क्षेत्र के भूलेमऊ गांव के पास लोन नदी के नजदीक हुई.

पुरवाअचलगंज मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक अपाचे बाइक पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. मोड़ के पास चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सीधे साइन बोर्ड से टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क किनारे पड़े सीमेंट के बोल्डरों से जा भिड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

राहगीरों ने हादसा होते ही पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे पुरवा कोतवाल अमरनाथ यादव ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे, जबकि घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा भिजवाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान बीघापुर क्षेत्र के अढौली गांव निवासी 31 वर्षीय अनुराग पाल, उनके ममेरे भाई बैसनखेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय राहुल और तौरा गांव निवासी 25 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अनुराग और राहुल आपस में ममेरे भाई थे.

परिजन के मुताबिक तीनों युवक मोहनलालगंज, लखनऊ में आयोजित एक भंडारे में शामिल होने जा रहे थे. राहुल के मौसा के घर कार्यक्रम था. दिन में समय न मिलने के कारण उन्होंने रात में जाने का निर्णय लिया था. योजना थी कि रात वहीं रुककर शनिवार को वापस लौटेंगे, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया.

परिजन का रो-रोकर बुरा हाल

मौत की खबर मिलते ही गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. अनुराग की पत्नी ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया था. वह पेशे से ट्रक चालक था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था. राहुल बुलडोजर चलाने का काम करता था, जबकि सौरभ दूध बेचकर परिवार चलाता था. सौरभ की शादी 28 अप्रैल को तय थी. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है. मामले की आगे जांच जारी है.

मालवा अभीतक की ताजा खबर सीधे पाने के लिए : 
ताज़ा ख़बर पाने के लिए एंड्राइड एप्लीकेशन इनस्टॉल करें :

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नियमों का उल्लंघन, वाइल्डलाइफ फिल्ममेकर सुयश केसरी को थमाया गया नोटिस     |     मध्य प्रदेश में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे— अमरकंटक में सबसे सर्द रात     |     जबलपुर के कांचघर में दिवाली की रात दोहरा हत्याकांड, कार्तिक और करण की हत्या के बाद सात आरोपी गिरफ्तार     |     सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को 1,211 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, सीएम मोहन यादव ने किया भूमि पूजन     |     बीजेपी का हिंदुत्व नफरत फैलाता है— गुना में दिग्विजय सिंह ने सावरकर और मोदी सरकार पर साधा निशाना     |     रीवा के बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान पर घमासान, किसानों पर टिप्पणी के बाद FIR की मांग     |     दिवाली के पटाखों का शोर न बन जाए बहरेपन की वजह, एम्स के विशेषज्ञों ने जारी की जरूरी गाइडलाइंस     |     भोपाल और इंदौर मेट्रो में 12 नवंबर से शुरू होगा NCMC कार्ड, सफर पर मिलेगी 25% की भारी छूट     |     झारखंड के चतरा में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ जीजा-साले को दबोचा, कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की थी साजिश     |     रांची में दोस्ती की आड़ में खूनी खेल, शराब के नशे में विवाद के बाद दो दोस्तों ने की तीसरे की हत्या— दोनों गिरफ्तार     |