झाबुआ के शिल्पकारों की प्रतिभा एवं मेहनत को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है- कलेक्टर
जिला प्रशासन #झाबुआ एवं ट्रायफेड के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय शिल्पकार “नामिका” मेला आयोजित
ट्रायफेड का स्थायी प्रोक्योरमेंट सेंटर जनजातीय अर्थतंत्र को देगा नई दिशा- सीपीओ श्री मिश्रा
……
जिला प्रशासन झाबुआ एवं ट्रायफेड के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय शिल्पकार “नामिका” मेला का आयोजन किया गया। नीति आयोग की ओर से जिले के लिए नामित सीपीओ श्री संदीप कुमार मिश्रा एवं कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में उक्त कार्यक्रम का आयोजन सम्पन्न हुआ।

ट्रायफेड भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत संस्था है, जो जनजातीय शिल्पकारों एवं स्व-सहायता समूहों को विपणन, ब्रांडिंग एवं बाजार से जोड़ने का कार्य करती है। ट्रायफेड द्वारा “ट्राइब्स इंडिया” ब्रांड के माध्यम से मेलों, प्रदर्शनियों, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म एवं आउटलेट्स पर जनजातीय उत्पादों के विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही प्रशिक्षण, पंजीयन, पैकेजिंग, प्रमाणन एवं विपणन सहयोग प्रदान कर शिल्पकारों की आय बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीपीओ श्री संदीप कुमार मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। इनका सकारात्मक प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब इससे शिल्पकारों एवं स्व-सहायता समूहों की आय में वास्तविक वृद्धि होगी। उन्होंने हितग्राहियों से आह्वान किया कि वे खुलकर प्रश्न पूछें और किसी भी प्रकार की हिचक को दूर करें।

सीपीओ ने कहा कि यदि ट्रायफेड द्वारा जिले में स्थायी प्रोक्योरमेंट सेंटर की स्थापना की जाती है, तो यह जनजातीय अर्थतंत्र के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि शिल्पकारों एवं संबंधित अधिकारियों को जोड़ते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिससे निरंतर संपर्क बना रहे और समय-समय पर आवश्यक सुझाव दिए जा सकें। साथ ही पैकेजिंग एवं प्रोसेसिंग से संबंधित जानकारी, एफएसएसएआई (FSSAI) प्रमाणन तथा ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन के लिए मार्गदर्शन दिए जाने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि जिले की जनजातीय संस्कृति एवं पारंपरिक उत्पादों को पहचान दिलाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मेले के माध्यम से जिले के 25 से अधिक स्व-सहायता समूहों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। मेले में ट्राइबल ज्वैलरी, मिट्टी के बर्तन, झाबुआ की पारंपरिक गुड़िया सहित अन्य प्रसिद्ध उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कहा कि ट्रायफेड से अपेक्षा है कि उनके द्वारा जिले के शिल्पकारों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए तथा आवश्यक होने पर उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार हेतु विशेष प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि जिले में पिथोरा आर्ट की कार्यशाला के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाकर संबंधित समूहों ने सशक्त शुरुआत की है।
कलेक्टर ने कहा कि सभी उत्पादों एवं समूहों का पंजीयन सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विपणन में सहायता के लिए ट्रायफेड की महत्वपूर्ण भूमिका है। गहन अध्ययन एवं निरंतर सुधार के माध्यम से झाबुआ के शिल्पकारों की प्रतिभा एवं मेहनत को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि जिले में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों की बिक्री पहले से होती रही है, लेकिन उन्हें नया आयाम देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय शिल्पकार “नामिका” मेला स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। झाबुआ की विशिष्ट पहचान स्थापित करने तथा शिल्पकारों की मेहनत को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।
ट्रायफेड भोपाल के विपणन अधिकारी श्री योगेश यादव ने कहा कि ट्रायफेड का मुख्य उद्देश्य जनजातीय भाई-बहनों को सशक्त विपणन मंच उपलब्ध कराना है। जनजातीय शिल्पकारों को इम्पैनल कर मेलों एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ट्राइब्स इंडिया के नाम से देशभर में 120 से अधिक आउटलेट्स संचालित हैं, जहां जनजातीय उत्पादों की बिक्री की जाती है। इसके अतिरिक्त ट्राइब्स इंडिया के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी मार्केटिंग में सहयोग दिया जाता है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह सीधे ट्रायफेड से जुड़कर विभिन्न जिलों एवं राज्यों में अपने उत्पादों के विपणन का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। प्रदर्शनी एवं मेलों में भाग लेने हेतु शिल्पकारों को ले जाने का व्यय ट्रायफेड द्वारा वहन किया जाता है।
आज उत्पादों का अवलोकन किया जा रहा है और जो उत्पाद विक्रय योग्य पाए जाएंगे, उन्हें तुरंत पंजीयन कर ट्रायफेड से जोड़ा जाएगा। पिथोरा आर्ट से जुड़े समूहों को शीघ्र जोड़ा जाएगा। वहीं फूड प्रोडक्ट्स के लिए एफएसएसएआई की आवश्यकताओं के अनुरूप सैंपल, सर्टिफिकेशन एवं अन्य प्रक्रियाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि व्यक्तिगत शिल्पकार भी सीधे ट्रायफेड से जुड़ सकते हैं। आज 50 से अधिक समूहों एवं 30 से 40 से अधिक व्यक्तिगत शिल्पकारों को ट्रायफेड से जोड़े जाने के प्रयास किये जाएंगे।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री अवनधती प्रधान, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आर एस बघेल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर एस बामनिया एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh Ministry of Tribal Affairs, Government of India Trifed Tribes India #jhabua #JansamparkMP