छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर में इन दिनों भीषण ठंड का कहर जारी है. हालात ये हैं कि खजुराहो में कोहरे की घनी चादर की वजह से प्राचीन मंदिर गुम से हो गए हैं. घने कोहरे के चलते कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य के करीब हो गई है, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. वहीं नौगांव में भीषण ठंड की वजह से रात के साथ दिन में भी लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है.
खजुराहो-नौगांव में भीषण ठंड
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो और नौगांव में न्यूनतम तापमान पचमढ़ी से भी कम हो जाता है. खजुराहो में जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के नीचे चला जाता है, तो वहीं नौगांव में 1.5 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर जाता है. इसके ठीक उलट यहां गर्मियों में भी भीषण गर्मी पड़ती है और अधिकतम तापमान 48 से 49 डिग्री तक पहुंच जाता है. फिलहाल बुंदेलखंड का ये पूरा इलाका भीषण ठंड के साथ कोहरे की चपेट में है.
रात 9 बजते ही कोहरे और ठंड का डबल अटैक
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां इतनी भीषण ठंड पड़ रही है कि रात 9 बजे से घना कोहरा छा जाता है, जो सुबह 10 बजे तकर रहता है. इससे यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों तक कोहरा बना रहेगा और तेज धूप सुबह 10 बजे के बाद ही निकलेगी. यहां रात का तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दो-तीन दिनों से रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है.
ग्रेनाइट पत्थरों से भीषण ठंड बरकरार
छत्तरपुर का नौगांव जिसे छावनी के नाम से लोग जानते है, अंग्रेजों द्वारा बसाया गया था. यहां की भौगोलिक स्थिति ही सबसे अलग है, जिससे यहां मौसम का खासा असर पड़ता है. नौगांव में ग्रेनाइट के पहाड़ों के चलते ठंड में भीषण ठंड और गर्मियों में भीषण गर्मी पड़ती है. कर्क रेखा के उत्तर में बसे नौगांव पर सूर्य की किरणों का कम प्रभाव होता है, जिससे ठंड ज्यादा होती है. वहीं,नौगांव के नीचे चट्टानी मिट्टी की पथरीली परत है, जो जमीन की ऊर्जा की क्षमता को प्रभावित करती है. ठीक ऐसे ही हाल खजुराहो में हैं.
छत्तरपुर के रहने वाले मुकेश शर्मा बताते है, ” इस समय ठंड भीषण पड़ रही है. शाम को ही कोहरा होने लगा है, रात में गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है. वहीं स्थानीय रहवासी दिलीप क्षत्रिय कहते हैं, ” पिछले 3 से 4 दिनों में इतनी ठंड बढ़ गई मानो चारो तरफ धुंआ ही धुंआ नजर आने लगा है. घर से निकलने में दिक्कत होती है, कोहरे के कारण वाहनों के एक्सीडेंट होते हैं, बहुत बचकर चलना पड़ता है.
क्या कहता है मौसम विभाग?
वहीं, खजुराहो स्थित मौसम विभाग के अधिकारी आरएस परिहार ने बताया, ” छत्तीसगढ़ की ओर से हवाओं के कारण कोहरे का असर बुन्देलखंड में दिखाई दे रहा है, रात का तापमान जहां 4.7 डिग्री दर्ज किया गया, तो वहीं दिन का तापमान 23 डिग्री रहा है. अगले 2 से तीन दिन रात के तापमान में ओर गिरावट आएगी.