रायसेन: गौहरगंज थाना क्षेत्र में 21 नवंबर को 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई थी. घटना के बाद से 23 साल का आरोपित सलमान फरार है. घटना को 100 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी है. मामले को तूल पकड़ते हुए देख मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रात 8:15 बजे पीएचक्यू में डीजीपी, डीआईजी, इंटेलिजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल समेत उच्च अधिकारियों की बैठक ली.
रायसेन एसपी पंकज पांडे को हटाया
इस दौरान रायसेन में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई. साथ ही चक्काजाम पर पुलिस की ढीली कार्रवाई से भी वह नाराज दिखे. मामले में एक्शन लेते हुए सीएम मोहन यादव ने रायसेन एसपी पंकज पांडे को हटाकर मुख्यालय अटैच करने के निर्देश दिए हैं. आज बुधवार को घटना के विरोध में मंडीदीप और औबैदुल्लागंज मंडी में नीलामी बंद रहेगी. वही रायसेन में हुई घटना के बाद मिसरोद में हुए चक्का जाम के मामले में मिसरोद टीआई को भी हटा दिया गया है.