छिंदवाड़ा: एक बोरी सीमेंट की कीमत ज्यादा से ज्यादा क्या हो सकती है 300, 500 या 1000 रुपए? इतना भी बहुत ज्यादा है, लेकिन अगर यही सीमेंट की बोरी 1 लाख 92 हजार रुपए में खरीदी जाए, तो है न अजब-गजब माजरा. यह गजब कारनामा छिंदवाड़ा की जुन्नारदेव विशाला ग्राम पंचायत में हुआ है. इसके अलावा विधायक निधि से बन रहे इस सामुदायिक भवन का कोई नक्शा नहीं है. जो निर्माण चल रहा है, उसको देखकर नहीं कहा जा सकता कि ये सामुदायिक भवन बन रहा है.
5 लाख रुपए में खरीदी 3 बोरी सीमेंट
जुन्नारदेव विकासखंड के जुन्नारदेव विशाला ग्राम पंचायत में पहली पायरी के नाम से चौरागढ़ की पहाड़ियों की शुरुआत होती है. यहां पर जन सहयोग से शंकरजी की मूर्ति का भी निर्माण कराया जा रहा है. उसी के बगल में सामुदायिक भवन के लिए ग्राम पंचायत का काम चल रहा है. सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, इस प्रोजेक्ट की लागत 24 लाख रुपए है.
इसमें से अभी तक करीब 17 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं. ग्राम पंचायत ने सरकार के पोर्टल ‘पंचायत दर्पण’ में जो बिल अपलोड किया है, उसमें एक बोरी सीमेंट कीमत की 192,000 रुपए दिखाया है. इतना ही नहीं एक दिन में 3 बोरी सीमेंट खरीदी गई है. जिसकी कीमत 5 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है. हैरानी की बात ये भी है कि ये बिल पास हो गया है.