खंडवा: ममलेश्वर लोक के विरोध में लोगों ने 3 दिनों तक ओंकारेश्वर बंद का आह्वान किया है. इसको लेकर पहले दिन सोमवार को ओंकारेश्वर बाजार पूरी तरह बंद रहा. शहर की प्रमुख सड़कें सूनी नजर आईं और सुबह से ही किसी भी व्यापारी ने अपनी दुकान नहीं खोली. बाजार, प्रतिष्ठान, बड़ी दुकानें, छोटे ठेले, सभी जगह सन्नाटा पसरा रहा. स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा सामूहिक रूप से बुलाए गए इस बंद का व्यापक असर देखने को मिला. नाव का संचालन भी नहीं हुआ, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी भी हुई.
दुकानों पर लटके दिखे ताला
सोमवार सुबह 8 बजे से ही ओंकारेश्वर में बंद का असर दिखने लगा. ममलेश्वर और ओंकारेश्वर मंदिर मार्ग से लेकर मुख्य बाजार तक दुकानों पर ताले लटके हुए दिखाई दिए. बाजार में कुछ स्थानों पर स्थानीय लोग समूह बनाकर खड़े रहे और स्वयं ही बंद का पालन करवाते नजर आए. लोगों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट सुनवाई नहीं होती, तब तक वे दुकानें नहीं खोलेंगे. इसी बीच प्रशासन की ओर से तहसीलदार, नगर परिषद के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर बंद समाप्त करने की अपील की. इसके बावजूद बंद के निर्णय पर लोग अडिग रहे.