स्वास्थ्य से खिलवाड़! मोमोज में जायका बढ़ाने के लिए डालते थे केमिकल की ओवरडोज, इंदौर प्रशासन ने अवैध प्लांट पर जड़ा ताला
मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खातीपुरा क्षेत्र में एक अवैध मोमो फैक्ट्री को सील कर दिया गया. अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे मोमोज में जायका बढ़ाने वाले रसायन अजिनोमोटो (Monosodium Glutamate – MSG) का इस्तेमाल तय मानकों से कई गुना अधिक मात्रा में किया जा रहा था. स्वाद बढ़ाने वाली यह सामग्री जहां मोमो को लजीज बनाती है, वहीं इसकी ज्यादा मात्रा सेहत के लिए खतरनाक मानी जाती है.
एजेंसी के अनुसार, फैक्ट्री बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी और यहां से विभिन्न फास्ट फूड स्टॉल, ठेले एवं रेस्टोरेंट्स को बड़ी मात्रा में मोमो की सप्लाई की जाती थी. छापेमारी के दौरान परिसर से अजिनोमोटो की भारी मात्रा बरामद हुई. जांच में पाया गया कि मोमोज में इसे निर्धारित सीमा से अधिक मिलाया जा रहा था, ताकि स्वाद को बढ़ाया जा सके और ग्राहकों को लुभाया जा सके.