भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्य सरकार हैप्पीनेस के पैमाने का मूल्यांकन कराएगी। इसके लिए आइआइटी खड़कपुर का सहयोग लिया जाएगा। इसके तहत शहरी और ग्रामीण आबादी की जीवनशैली व प्रसन्नता के स्तर का अध्ययन किया जाएगा। लोगों में निराशा का भाव यानी डिप्रेशन क्यों बढ़ रहा है, इसे कैसे दूर किया जा सकता है, इसके सुझाव भी लिए जाएंगे।
इसके अलावा गांवों को आनंद ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ऐसे ग्राम, जहां सद्भावना, भाईचारा, परस्पर सहयोग और आनंद का भाव प्रमुख हो, उन्हें उदाहरण के रूप में सामने लाया जाएगा।
तनाव मुक्ति और आनंदित व्यवहार के प्रशिक्षण के लिए ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, शहरी क्षेत्र में नगर निगम और नगर पालिका के कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी शामिल किए जाएंगे। इसी तरह वैचारिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए हर जिले में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सहयोग से एक आनंद केंद्र बनाया जाएगा। आनंद कार्यों के लिए बुजुर्गों की सेवाएं भी ली जाएंगी। इस कार्य में सहयोग के लिए आईआईटी खडगपुर ने सहमति दे दी है।